ईद और होली के आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए टोंक पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में शहर के कोतवाली और पुरानी टोंक थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च और पैदल मार्च निकाला गया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली के थाना अधिकारी भंवर लाल वैष्णव ने बताया- एसपी राजेश कुमार मीना के निर्देश पर आगामी ईद और होली को शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ मनाने के उद्देश्य से यह फ्लैग मार्च निकाला गया है। बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल हुए। यह मार्च घंटाघर से शुरू होकर सुभाष बाजार, काफला बाजार, नौशे मियां का पुल, बड़ा कुआं, तख्ता बाजार होते हुए पुरानी टोंक थाना क्षेत्र तक निकाला गया। मार्च के दौरान पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरती और आमजन से संवाद स्थापित किया। अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की। अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती, सोशल मीडिया पर नजर पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा डीजे साउंड, जुलूस मार्ग और नमाज स्थलों की सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।


