भास्कर न्यूज |पामगढ़ विकासखंड पामगढ़ के शासकीय उचित मूल्य दुकानों में 10 से 20 फरवरी तक चावल उत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान खाद्य विभाग की निगरानी में पात्र हितग्राहियों को सुव्यवस्थित ढंग से राशन वितरण सुनिश्चित किया गया। खाद्य निरीक्षक पामगढ़ दिलीप कुमार भारद्वाज ने बताया कि विकासखंड के सभी उचित मूल्य दुकान संचालकों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। उन्होंने स्वयं विभिन्न राशन दुकानों का भ्रमण कर वितरण प्रक्रिया, स्टॉक की उपलब्धता और पारदर्शिता का जायजा लिया। भारद्वाज ने स्पष्ट किया कि चावल उत्सव के दौरान विभिन्न कार्डधारकों को उनकी पात्रता के अनुसार वितरण किया गया है, जिनमें राज्य योजना राशन कार्ड (अंत्योदय, प्राथमिकता, एकल निराश्रित, निःशक्तजन) है। इन कार्डधारकों को फरवरी और मार्च 2 माह का चावल एकमुश्त प्रदान किया गया। इन्हें सामान्य चावल (नॉन-फोर्टिफाइड) का वितरण किया गया है। एनएफएसए राशन कार्ड (अंत्योदय व प्राथमिकता) राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत इन कार्डधारकों को फरवरी माह की पात्रता अनुसार केवल फोर्टिफाइड चावल का वितरण किया। सामान्य एपीएल कार्ड इन्हें निर्धारित मासिक पात्रता के अनुसार सामान्य चावल वितरित किया गया।


