उत्तराखंड एवलांच में यूपी के 11 लोग फंसे:सबसे ज्यादा 4 लोग मथुरा के, 24 घंटे बाद भी रेस्क्यू जारी; बर्फबारी बनी चुनौती

उत्तराखंड के चमोली में एवलांच को आए 24 घंटे बीत गए। एवलांच शुक्रवार सुबह 7 बजे के करीब आया था। बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन (BRO) प्रोजेक्ट में कुल 55 लोग काम कर रहे थे। फंसे इन 55 लोगों की लिस्ट जारी की गई है। चमोली के DM संदीप तिवारी ने कहा- शनिवार सुबह करीब 10 बजे तक 47 लोगों को सकुशल बाहर निकाला गया है। सात लोगों को हम जोशीमठ अस्पताल में लेकर आए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। 3 लोगों की स्थिति स्थिर है। आशा करता हूं कि 8 लोग जो बचे हैं वो भी हमें सकुशल मिल जाए। 55 लोगों की जारी लिस्ट में 11 लोग यूपी के रहने वाले हैं। बर्फबारी और मौसम बना रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए चुनौती
सेना, ITBP, BRO, SDRF और NDRF की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन कर रही है। बर्फबारी चुनौती बना हुआ है। एयर एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं हो पाई। हेलीकॉप्टर भी नहीं उड़ पा रहा है। सेना का Mi-17 हेलिकॉप्टर स्टैंड बाय पर है। जैसे ही मौसम ठीक होता हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन तेज हो जाएगा। बता दें घटना बद्रीनाथ से 3 किलोमीटर दूर चमोली के माणा गांव में हुई है। मजदूर 3200 मीटर से ज्यादा की ऊंचाई पर 6 फीट तक जमी बर्फ में फंसे है। हादसे के दौरान सभी मजदूर 8 कंटेनर और एक शेड में मौजूद थे। डिप्टी CM पाठक बोले- उत्तराखंड सरकार के संपर्क में हैं
हादसे पर यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा- उत्तराखंड सरकार दुर्घटना के दौरान जो वहां लोग फंसे हैं, उन्हें निकालने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। हम उत्तराखंड सरकार के संपर्क में हैं। लगातार अपडेट ले रहे हैं। ईश्वर से हम प्रार्थना करते हैं कि सभी को सकुशल घर वापस लाएं। अयोध्या सांसद बोले- सरकार जल्दी और सावधानी से रेस्क्यू कराए
अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा- यह बहुत दुखद है। मैं सरकार से मांग करता हूं कि बचाव काम बहुत जल्दी और सावधानी से किया जाना चाहिए, ताकि हमारे सभी श्रमिकों को बचाया जा सके। चाहे श्रमिक उत्तर प्रदेश के हों, उत्तराखंड के हों या कहीं के भी हों, श्रमिक, श्रमिक होते हैं जिन्होंने हमेशा इस देश के निर्माण और विकास में बहुत बड़ा योगदान दिया है। हम भी उनके साथ सहानुभूति रखते हैं और भगवान से प्रार्थना करते हैं कि उनकी जान बच जाए और बचाव काम बहुत प्रभावी ढंग से हो। PM मोदी ने CM धामी से बात की
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा- लगातार बचाव अभियान चलाया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि सभी फंसे हुए श्रमिकों को सकुशल जल्द बाहर निकाला जाए। उसके लिए हर संभव प्रयास चल रहे हैं। पीएम मोदी ने फोन पर सभी जानकारी ली है और हर संभव का उन्होंने आश्वासन दिया है। हम हर संभव कोशिश कर रहे हैं कि सभी को जल्द बाहर निकाला जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *