उत्तरी हवा के प्रभाव से रात का पारा 8.8 डिग्री, ऐसा मौसम गेहूं व सरसों की फसलों के लिए अच्छा रहेगा

भास्कर न्यूज | जालोर. जिले में पिछले 4 दिन से चल रही उत्तरी हवा के प्रभाव से रात का तापमान फिर से 10 डिग्री से नीचे चला गया है। सुबह 9 बजे तक धुंध रहने के साथ ओस की बूंदें जमने लगी हैं। शनिवार को 6 किमी. प्रतिघंटा की औसत गति से उत्तरी हवा चलने के कारण रात के तापमान में 1.5 डिग्री की गिरावट और दिन में तेज धूप और हवा थमने के कारण 3.1 डिग्री तापमान बढ़ा है। कृषि विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री और रात का तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। हालांकि इससे पूर्व 17 नवंबर को रात का पारा 7.4 डिग्री तक पहुंचा था, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई थी। वहीं मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में शीतलहर का प्रभाव समाप्त होने और एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने से तापमान स्थिर रहने की संभावना बनी हुई है। डॉ. दिलीप कुमार, एसोसिएट प्रोफेसर व प्रभारी, कृषि विज्ञान केंद्र अभी का तापमान रबी के लिए काफी अच्छा है। रबी के लिए सर्दी पड़ना काफी फायदेमंद रहता है। ऐसे में गेहूं और रायड़ा जैसी फसलों की ग्रोथ अच्छी होगी। हालांकि हल्के बादल हैं, जिससे कोई खास असर नहीं पड़ने वाला। बादल ज्यादा होने पर फसलों में कीड़े और बीमारी फैलने की आशंका होती है। तापमान 5 डिग्री के आसपास चला जाए और हवा रुक जाए तो पाला पड़ने जैसी स्थितियां हो जाती हैं। पाला पड़ने पर फसल की पत्तियां और तना फट जाता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *