कोल्ड-वेव के कारण अब जमा देने वाली सर्दी पड़ने लगी है। प्रदेश में बीते 24 घंटे में रात का पारा 2 से 3 डिग्री और लुढ़क गया। इससे 10 शहरों में पारा 5 डिग्री से नीचे आ गया है। उत्तरी सर्द हवाएं चलने से दिन में ठिठुरन बढ़ गई है और सुबह, शाम गलन होने लगी है। फतेहपुर में बीती रात तापमान माइनस 1.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। फिलहाल, फतेहपुर प्रदेश में सबसे ज्यादा सर्दी वाला इलाका बना हुआ है। दूसरी ओर राजधानी जयपुर में रात का तापमान 1.2 डिग्री घटकर 6.8 डिग्री रहा। आगे क्या : 4-5 दिन राहत की संभावना नहीं मौसम विभाग के अनुसार कड़ाके की सर्दी से 4-5 दिन राहत की संभावना नहीं है। 11 शहरों में 4 दिन कोल्ड-वेव (शीतलहर) का येलो अलर्ट रहेगा। इनमें उदयपुर, अजमेर, कोटा, झुंझुनूं, सीकर, चूरू आदि हैं। सफेद हुए रेत के टीले सीकर जिले के फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र पर लगातार दूसरे दिन गुरुवार को भी न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु के नीचे माइनस 1.5 डिग्री रहा। रैवासा झील क्षेत्र में रेत के टीलों पर बर्फ जम गई तो कश्मीर जैसा नजारा हो गया। यह स्थिति सुबह 8 बजे तक बनी रही।


