उदयपुर-अहमदाबाद के बीच कल से दौड़ेगी वंदे भारत:4 घंटे में पूरा होगा सफर; मावली में भी रुकेगी हमसफर एक्सप्रेस

उदयपुर और अहमदाबाद के बीच का सफर अब न केवल सुपरफास्ट, बल्कि काफी आरामदायक भी होने जा रहा है। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए उदयपुर सिटी-असारवा (अहमदाबाद) वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत कल से होगी। इस अत्याधुनिक ट्रेन को सिटी स्टेशन पर आयोजित एक समारोह में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि यह ट्रेन राजस्थान और गुजरात के बीच व्यापार और पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। ​उद्घाटन के मौके पर विशेष ट्रेन (096630) सोमवार को दोपहर 12:25 बजे उदयपुर से रवाना किया जाएगा। यह ट्रेन शाम 5:15 बजे अहमदाबाद के असारवा स्टेशन पहुंचेगी। सफर के दौरान यह जावर, डूंगरपुर और हिम्मतनगर जैसे स्टेशनों पर रुकेगी, जहां स्थानीय लोग इस हाईस्पीड ट्रेन का स्वागत करेंगे। ​इस ट्रेन की नियमित सेवा 18 फरवरी से शुरू होने जा रही है। यह ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में बाकी सभी 6 दिन चलेगी। तय शेड्यूल के अनुसार, गाड़ी (26963) उदयपुर सिटी से तड़के सुबह 6:10 बजे रवाना होगी और 10:25 बजे यात्रियों को असारवा पहुंचा देगी। वापसी में गाड़ी (26964) असारवा से शाम 5:45 बजे रवाना होकर रात 10:00 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी। लगभग 296 किलोमीटर की यह दूरी यह ट्रेन महज 4 घंटे 15 मिनट में तय कर लेगी। ​किराये के लिहाज से रेलवे ने इसे दो श्रेणियों में रखा है। उदयपुर से अहमदाबाद जाने के लिए चेयर कार का किराया 860 रुपए और एक्जीक्यूटिव क्लास का किराया 1680 रुपए तय किया गया है। वहीं असारवा से उदयपुर वापसी के लिए चेयर कार का टिकट 1065 रुपए और एक्जीक्यूटिव क्लास का 1875 रुपए का होगा। यह गुजरात की छठी वंदे भारत ट्रेन है, जो दोनों राज्यों के रिश्तों को नई रफ्तार देगी। वही जिले के मावली क्षेत्र के यात्रियों के लिए भी एक अच्छी खबर आई है। लंबे समय से चल रही मांग को देखते हुए रेलवे ने उदयपुर-मैसूर-उदयपुर हमसफर एक्सप्रेस का ठहराव अब मावली स्टेशन पर भी शुरू कर दिया है। गाड़ी (19667) जो उदयपुर से रवाना होगी, वह रात 9:33 बजे मावली पहुंचेगी। इसी तरह मैसूर से आने वाली गाड़ी (19668) रात 2:03 बजे मावली स्टेशन पर रुकेगी। इस फैसले से मावली और आसपास के गांवों के लोगों को अब लंबी दूरी की ट्रेनों के लिए उदयपुर तक नहीं भागना पड़ेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *