उदयपुर की 2024 की 10 बड़ी घटनाएं:उदयपुर हत्याकांड देश भर में सुर्खियों में रहा, पूर्व राजपरिवार का झगड़ा और लेपर्ड का इंसानों पर हमला भी चर्चा में रहा

2025 के आने में 1 दिन बाकी है। राजनीति हो या अपराध को लेकर पूरे उदयपुर ​को यहां हुई घटनाओं ने हिलाकर रख दिया। विकास की बात हो या शाही शादियां सब पर इस साल में बहुत कुछ यहां हुआ है। कैलेंडर पर इस साल के कई दिन और तारीख भूले से भी नहीं भुलाए जाएंगे। 2024 कई मायनों में अपनी छाप छोड़कर जा रहा है। आइए रिकॉल करते हैं इन घटनाओं को उदयपुर शहर के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल भट्टियानी चौहट्टा में 16 अगस्त 2024 को सहपाठी छात्र ने 15 साल के देवराज मोची को चाकू मार दिया। घटना के बाद दोपहर बाद उदयपुर शहर में आग लग गई। इस घटना का विरोध हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया। कई जगह वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। इसके साथ ही प्रशासन ने स्थित को देखते हुए नेटबंदी कर दी और धारा 144 भी लगा दी थी। 19 अगस्त 2024 रक्षाबंधन के दिन देवराज ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। 20 को देवराज का अंतिम संस्कार किया गया। 16 से 20 तक उदयपुर में स्थिति तनावपूर्ण रही। आरोपी के घर पर भी बुलडोजर चलाया गया था। 2. लेपर्ड ने 8 लोगों की जान ली, एक महीने तक ऑपरेशन चला उदयपुर के गोगुंदा और बड़गांव ब्लॉक में लेपर्ड के इंसानों पर किए जा रहे हमलों ने सबकी नींद उड़ा दी थी। यहां पर 19 सितंबर से लेपर्ड के हमले से इंसानों की मौत का क्रम शुरू हुआ और 1 अक्टूबर तक लेपर्ड ने ने 8 लोगों की जान ले ली। इसके अलावा झाड़ोल में भी लेपर्ड के हमलों की घटनाएं हुई। यहां पर सेना और पुलिस के साथ ही आसपास के जिलों के वन विभाग की टीमों को जंगलों में लगा दिया लेकिन शातिर लेपर्ड रोज हमले कर रहा था। शूटर तक बाहर से बुलाए थे। 18 अक्टूबर को उदयपुर के मदार तालाब के दूसरे छोर पर लेपर्ड को शूट कर दिया गया था। 3. महेंद्र सिंह मेवाड़ के निधन के बाद राजपरिवार का झगड़ा उदयपुर में 10 नवंबर को मेवाड़ राजपरिवार के पूर्व सदस्य और पूर्व सांसद महेंद्र सिंह मेवाड़ का निधन हो गया। 83 साल के मेवाड़ के निधन के बाद उनके बड़े बेटे विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ का राजगद्दी पर बिराजने का दस्तूर 25 नवंबर को चित्तौड़गढ़ के फतह प्रकाश महल में हुआ। इसके बाद उसी दिन शाम को उनका सिटी पैलेस में धूणी दर्शन और एकलिंगजी दर्शन का कार्यक्रम था। चित्तौड़गढ़ से उदयपुर आने के बाद यहां माहौल खराब हो गया था। विश्वराज समर्थक पैलेस के अंदर धूणी दर्शन पर अड गए तो डा. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने वहां स्थिति को देखते हुए पैलेस के गेट बंद कर दिए। इसके बाद उस रात को पत्थरबाजी हुई और विश्वराज ​बिना दर्शन किए लौटे। इस मामले में धारा-163 लागू कर दी गई। 27 नवंबर को उच्च स्तरीय बातचीत के बाद शाम को विश्वराज सिंह मेवाड़ सहित पांच जनों को धूणी दर्शन कराए तब जाकर शांति हुई। 4. सलूंबर जिला बरकरार तो बांसवाड़ा वापस उदयपुर संभाग में पिछले साल उदयपुर से टूटकर सलूंबर अलग जिला बनाया गया था। इसके साथ ही उदयपुर संभाग में आने वाले बांसवाड़ा को अलग संभाग बना दिया गया था। अभी पिछले दिनों ही भजनलाल सरकार ने कांग्रेस राज के 9 जिले और 3 संभाग खत्म कर दिए। इसमें सलूंबर जिले को यथावत रखा और बांसवाड़ा संभाग को खत्म कर दिया। बांसवाड़ा जिला उदयपुर संभाग में रहेगा, उससे संभाग का दर्जा छीन लिया गया है। अब उदयपुर संभाग में उदयपुर, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ राजसमंद, बांसवाड़ा, डूंगरपुर और सलूंबर जिला आएगा। 5. सलूंबर विधायक की मौत, जनता ने पत्नी को विधायक बनाया सलूंबर के भाजपा विधायक अमृतलाल मीणा का उदयपुर में 8 अगस्त को निधन हो गया था। 65 वर्ष के अमृतलाल तीन बार सलूंबर के विधायक रहे। उनके निधन के बाद यहां उप चुनाव की घोषणा हुई तो सलूंबर की राजनीति के गलियारों में बड़ा उलटफेर हुआ। यहां भाजपा ने सहानभूति कार्ड खेलते हुए विधायक की पत्नी शांता मीणा को टिकट दिया तो कांग्रेस ने महिला के सामने महिला का खेल खेला और कांग्रेस से पहले बागी हुई रेशमा मीणा को टिकट दिया। महत्वपूर्ण यहां यह भी रहा कि कांग्रेस का बड़ा चेहरा माने जाने वाले रघुवीर सिंह मीणा का टिकट काट दिया। रघुवीर चाहते थे कि आलाकमान महिला की बजाय महिला चेहरा चाहते है तो आलाकमान उनकी पत्नी पूर्व विधायक बसंती को टिकट दे लेकिन रघुवीर की नहीं मानी गई। बाद में वे नाराज हो गए और उनको मनाया गया। ये सीट कांग्रेस हारी ही नहीं जमानत तक नहीं बचा पाई। यहां जनता ने दिवंगत अमृतलाल मीणा की पत्नी को विधायक बना दिया और दूसरे नंबर पर बाप के जितेश कटारा रहे। 6. नामचीन शादियां उदयपुर में उदयपुर में इस साल में भी कई सेलिब्रिटी की शादी हुई। साल 2024 की शुरुआत में जनवरी के पहले सप्ताह में बॉलीवुड एक्टर आमिर खान की बेटी आयरा खान की शादी नूपुर शिखरे से उदयपुर में हुई। उदयपुर के ताज अरावली होटल में 7 दिन तक इसके वेडिंग फंक्शन चले। 29 से 31 जनवरी के बीच बॉलीवुड एक्टर सनी देओल की भांजी निकिता चौधरी की शादी भी यहीं हुई। इसमें देओल फैमिली के अलावा बड़ी संख्या में एनआरआई जुटे।यहां पर दो बार ओलिंपिक मेडल जीतने वाली बैडमिंटन खिलाड़ी पी वी सिंधु ने 22 दिसंबर को पोसीडेक्स टेक्नोलॉजीस के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर वेंकट दत्ता के साथ शादी के बंधन में बंधी। उदयसागर झील स्थित होटल राफेल में शादी के फंक्शन 20 दिसंबर से शुरू हुए और 22 को शादी हुई। इसके बाद 24 दिसंबर को हैदराबाद में रिसेप्शन हुआ। बॉलीवुड सिंगर नितिन मुकेश के छोटे बेटे की शादी उदयपुर के हवाला स्थित फाइव स्टार होटल में 12 नवंबर को हुई। 3 दिन तक चली शादी की रस्मों में परिवार के लोग, रिश्तेदार और दोस्त शामिल हुए। नितिन मुकेश के फेमस गानों पर डांस किया। 7. बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी को फांसी की सजा मावली में बच्ची से दुष्कर्म कर हत्या करने और शव के टुकड़े-टुकड़े करने के मामले में उदयपुर के पॉक्सो- 2 कोर्ट ने 4 नवंबर को आरोपी कमलेश सिंह उर्फ करण को फांसी
की सजा सुनाई। शव को फेंकने में सहयोग करने वाले उसके पिता रामसिंह व मां किशन कुंवर को 4-4 साल की जेल की सजा दी। पॉक्सो कोर्ट ने पहली बार उदयपुर में फांसी की सजा सुनाई। कोर्ट में मृत्युदंड की सजा सुनते ही कमलेश घबरा गया। 8. टूरिज्म के लिए लॉयन सफारी तैयार उदयपुर में टूरिज्म के लिए सज्जनगढ़ में लॉयन सफारी तैयार कर दी गई है। अब इसके शुभारंभ के लिए खास दिन का इंतजार किया जा रहा है। जयपुर के नाहरगढ़ के बाद राजस्थान की दूसरी लॉयन सफारी उदयपुर के सज्जनगढ़ मानसून पैलेस की तलहटी में बनाई गई है। तीन से चार किमी के सफारी ट्रैक वाला एरिया 5.19 वर्ग किमी में फैला है। 20 हेक्टेयर में बनाई गई लॉयन सफारी पर करीब 3.50 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। जुलाई 2024 में गुजरात के जूनागढ़ से एशियाटिक लॉयन (शेर) का जोड़ा यहां बायो पार्क में लाए थे। इसमें लॉयन सम्राट 7 साल और मादा सुनैना 3 साल की है। इन दोनों से ही लॉयन सफारी में लॉयन का परिवार बढ़ाया जाएगा। 9. उदयपुर नगर निगम बड़ा होगा, 33 गांवों को जोड़ा उदयपुर नगर निगम सीमा का विस्तार कर दिया गया है। शहर के आसपास से सटी 17 ग्राम पंचायतों के 33 गांवों को नगर निगम में शामिल कर​ दिया गया है। यह विस्तार करीब 55 साल बाद हुआ है। अब शहर के आसपास के गांवों के शहर में आने से उनके विकास और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा। निगम में सम्मिलित 33 गांवों से लगभग 1.05 लाख की जनसंख्या वृद्धि हुई है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार नगर निगम क्षेत्र में लगभग 4.51 लाख शहर वासी निगम क्षेत्र में निवासरत थे। राज्य सरकार के आदेश अनुसार संभावित तौर पर करीब 10 वार्ड और बढ़ेंगे जिससे निगम क्षेत्र में 70 की जगह 80 वार्ड हो जाएंगे। 10. सौगातें शहर को जो मिली
उदयपुर शहर के लिए सबसे अहम बात है कि उदयपुर के सिटी रेलवे स्टेशन से लेकर कलेक्टर बंगले तक एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी जिसका शिलान्यास कर दिया गया है। उदयपुर से जयपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन तीन दिन आगरा तक कर दी गई। इसमें सोमवार, गुरुवार और शनिवार को यह ट्रेन आगरा कैंट तक जाती है। उदयपुर शहर में दुर्गानर्सरी चौराहा, फतहपुरा चौराहा को चौड़ा करने का काम हुआ। शक्तिनगर से मेवाड़ मोटर्स लिंक रोड तक का बोटलनेक हटा और वहां काम प्रगति पर है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *