UPSC ने सिविल सर्विस एग्जाम 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। उदयपुर के तीन युवाओं का भी इसमें सिलेक्शन हुआ है। इसमें एक पिछले एग्जाम में आईएफएस और एक इनकम टैक्स डिपार्टमेंट में सिलेक्ट हो चुके हैं। पूरा रिजल्ट ऑफिशियल वेबसाइट upsc.gov.in पर उपलब्ध है। उदयपुर शहर के राहुल परमार, जय परमार और सौरभ राय राठौड़ का यूपीएससी के फाइनल में सिलेक्शन हुआ है। राहुल ने दिल्ली और जय ने गांधीनगर से की आईआईटी
माली कॉलोनी में रहने वाले राहुल परमार की 550वीं रैंक आई है। राहुल ने दिल्ली से आईआईटी की है। बड़े भाई जय की रैंक 790वीं है। जय की पिछले साल 854वीं रैंक आई थी। जय वर्तमान में नागपुर में असिसटेंट कमिश्नर इनकम टैक्स की ट्रेनिंग ले रहे हैं। जय ने गांधीनगर से आईआईटी की है। इनके पिता लक्ष्मीलाल मेघवाल अजमेर विद्युत वितरण निगम उदयपुर में एक्सईएन हैं। मां सरकारी स्कूल पुनावली में प्रिंसिपल हैं। सौरभ राय राठौड़ की आई 871 रैंक
उदयपुर के सौरभ राय राठौड़ का भी सिलेक्शन हुआ है। उनकी 871 रैंक आई है। सौरभ भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारी बन चुके हैं। अभी वे देहरादून में ट्रेनिंग कर रहे हैं। वर्ष 2023 में उनकी आईएफएस में 129वीं रैंक थी। पाली जिले के मुंडारा के शिवतलाव गांव निवासी सौरभ उदयपुर रह रहे हैं। उन्होंने बीकानेर से इंजीनियरिंग की है। सौरभ के पिता लक्ष्मण राय राठौड़ उदयपुर में अभय कमांड में एडिशनल एसपी हैं। वहीं मां मंगला राय जिला परिषद में हैं।


