उदयपुर में पॉश इलाकों में अवैध रूप से परोसे जा रहे हुक्के के खिलाफ पुलिस ने बीती रात कार्रवाई की। जिला विशेष टीम (DST) ने एक साथ चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर हुक्का बार संचालकों के नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई में बड़गाँव के ग्रीक फार्म, सुखेर के फ्रेंड्स जॉन, अम्बामाता के उदयपुर हाइक्स और अमराई घाट स्थित होटल वंडर व्यू पर रेड डाली गई। इन चारों ठिकानों से पुलिस ने कुल 26 हुक्के, करीब 45 पाइप और 68 से ज्यादा नशीले फ्लेवर के पैकेट बरामद किए हैं। यह पूरी कार्रवाई एसपी योगेश गोयल के सख्त निर्देशों पर हुई। पुलिस को लंबे समय से शहर के युवाओं के बीच हुक्के के बढ़ते चलन और अवैध रूप से रेस्टोरेंट में इसके परोसे जाने की जानकारी मिल रही थी। इसके बाद स्पेशल टीम ने जाल बिछाया और एक साथ इन चारों लोकेशन पर छापा मारा। पुलिस की इस रेड से रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप मच गया और कई लोग मौके से भागने की कोशिश करते नजर आए। 3 हुक्के, 20 पाइप और 30 फ्लेवर पैकेट जब्त
कार्रवाई का सबसे बड़ा केंद्र बड़गांव थाना क्षेत्र का ग्रीक फार्म रेस्टोरेंट रहा। यहां पुलिस ने जब छापा मारा तो नजारा हैरान करने वाला था। यहां से पुलिस ने 13 हुक्के, 20 पाइप और 30 फ्लेवर पैकेट जब्त किए। इस मामले में पुलिस ने स्वरूपगंज (सिरोही) निवासी संचालक निर्मल मेघवाल को नामजद किया है। इसी तरह सुखेर इलाके के फ्रेंड्स जॉन रेस्टोरेंट से 4 हुक्के और 12 फ्लेवर बरामद कर राजेंद्र सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। रेस्टोरेंट पर 3 हुक्के और 6 फ्लेवर मिले वहीं, अम्बामाता थाना क्षेत्र के कुराबड़ हिल्स स्थित उदयपुर हाइक्स रेस्टोरेंट पर 3 हुक्के और 6 फ्लेवर मिले। बताया जा रहा है कि स्थानीय लोग इस रेस्टोरेंट की कई बार शिकायत कर चुके थे, लेकिन अब तक कोई एक्शन नहीं हुआ था। चर्चा है कि आखिर किसके रसूख के चलते इतने समय तक यहां अवैध काम चल रहा था। 6 हुक्के और 20 फ्लेवर जब्त
अंबामाता के अमराई घाट के होटल वंडर व्यू से 6 हुक्के और 20 फ्लेवर जब्त कर संचालक शांतिलाल को आरोपी बनाया गया है। एसपी योगेश गोयल ने बताया कि यह अभियान थमा नहीं है। शहर को नशामुक्त बनाने के लिए यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


