उदयपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’:घर और खेतों में चल रही थी नशे की खेती, 426 किलो गांजा-अफीम जब्त

उदयपुर पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पुलिस ने मांडवा थाना क्षेत्र में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध गांजा और अफीम बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस के हाथ 170 किलो अवैध गांजा और 256 किलो अफीम लगी है। नशे की यह खेप खेतों और घर में छिपाकर रखी गई थी। महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज और जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसटी (डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम) को इस तस्करी की सटीक सूचना मिली थी। इसके बाद मांडवा थाना पुलिस ने टीम के साथ मिलकर भागा फला गांव के खापा इलाके में घेराबंदी की। पुलिस ने जब भूरा गमेती नाम के व्यक्ति के घर और खेतों में छापा मारा, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। तलाशी के दौरान आरोपी के घर से अलग-अलग कट्टों में भरा हुआ करीब 55 किलो सूखा गांजा मिला। जब पुलिस टीम खेतों की तरफ बढ़ी, तो वहां बड़े पैमाने पर अफीम और गीले गांजे की खेती की जा रही थी। पुलिस ने मौके से करीब 256 किलो अफीम और 120 किलो गीला गांजा जब्त किया है। नशे की इस पूरी खेप की कीमत लाखों में आंकी जा रही है। पुलिस की भनक लगते ही मुख्य आरोपी भूरा गमेती मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, यह इलाका काफी पहाड़ी और दुर्गम है, जिसका फायदा उठाकर आरोपी भागने में सफल रहा। मांडवा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *