उदयपुर में गांजा और अफीम की खेती करते पकड़ा:घर-खेत से एक करोड़ रुपए के मादक पदार्थ जब्त, पहाड़ी इलाके का फायदा उठा कर रहा था खेती

उदयपुर पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत भारी मात्रा में अवैध गांजा और अफीम बरामद की। कार्रवाई में पुलिस ने 170 किलो अवैध गांजा और 256 किलो अफीम जब्त किया। आरोपी का घर पहाड़ी इलाके में होने का फायदा उठाते हुए वह खेत में अफीम और गांजे की खेती कर रहा था। पुलिस ने नशे की खेप खेतों से और घर में छिपाकर रखी हुई जब्त की। मांडवा थाना पुलिस ने शुक्रवार को भागा फला गांव के खापा इलाके में घेराबंदी की। यहां आरोपी भूरा गमेती के घर और खेतों में दबिश दी। पुलिस ने जब यहां छापा मारा तो नजारा देखकर अधिकारी हैरान रह गए। पुलिस ने यहां से करीब 1 करोड़ रुपए के मादक पदार्थ जब्त किए। वहीं आरोपी भूरा गमेती मौके से फरार हो गया। पुलिस की जानकारी पर आरोपी फरार
महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज और जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसटी (डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम) को तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद मांडवा थाना पुलिस ने टीम के साथ मिलकर भागा फला गांव के खापा इलाके में घेराबंदी की। तलाशी के दौरान आरोपी के घर से अलग-अलग कट्टों में भरा हुआ करीब 55 किलो सूखा गांजा मिला। जब पुलिस टीम खेतों की तरफ बढ़ी तो वहां बड़े पैमाने पर अफीम और गीले गांजे की खेती की जा रही थी। पुलिस ने मौके से करीब 256 किलो अफीम और 120 किलो गीला गांजा जब्त किया। अफीम की कीमत 80 से 90 लाख रुपए है। करीब 15 लाख का गांजा पकड़ा है। पुलिस की भनक लगते ही मुख्य आरोपी भूरा गमेती मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक- यह इलाका काफी पहाड़ी और दुर्गम है। इसका फायदा उठाकर आरोपी भागने में सफल रहा। मांडवा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *