उदयपुर के इको टूरिज्म में सोमवार को नया अध्याय जुड़ गया। बहुप्रतीक्षित सज्जनगढ़ लायन सफारी और रेप्टाइल्स पार्क का पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने लोकार्पण किया। कटारिया ने वाइल्डलाइफ रेस्क्यू सेंटर का भी उद्घाटन किया। मुख्य अतिथि कटारिया ने सर्वप्रथम सज्जनगढ़ बायोलाजिकल पार्क परिसर में नवनिर्मित आधुनिक रेप्टाइल हाउस का फीता काटकर उद्घाटन किया। मुख्य वन संरक्षक सेडूराम यादव ने बताया कि इस रेप्टाइल हाउस में 10 अत्याधुनिक एंक्लोजर बनाए गए हैं, जिनमें विभिन्न प्रजातियों के सरीसृपों को प्राकृतिक आवास के अनुरूप सुरक्षित रखा गया है। यह सुविधा न केवल वन्यजीव संरक्षण को मजबूती देगी, बल्कि पर्यटकों और विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक भी सिद्ध होगी। इसके पश्चात कटारिया ने वाइल्डलाइफ रेस्क्यू सेंटर का उद्घाटन किया। उन्होंने रेस्क्यू सेंटर के एंक्लोजर में रखे गए एशियाई शेर ‘सुल्तान’ और शेरनी ‘सुनैना’ को लायन सफारी क्षेत्र में स्वच्छंद विचरण के लिए रिलीज किया।
मुख्य अतिथि कटारिया लायन सफारी के मुख्य द्वार पर पहुंचे, जहां उन्होंने पट्टिका का अनावरण कर औपचारिक उद्घाटन किया। कटारिया सहित अन्य अतिथियों ने विशेष सफारी वाहनों में बैठकर लायन सफारी का अवलोकन किया और वन्यजीवों को प्राकृतिक वातावरण में देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। कटारिया ने कहा कि लायन सफारी और रेप्टाइल हाउस उदयपुर के पर्यटन विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। उन्होंने इसे मेवाड़ क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के अवसर भी बढ़ेंगे। कार्यक्रम के दौरान संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी, जिला कलक्टर नमित मेहता, अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक वेंकटेश शर्मा आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कटारिया के साथ आए जनप्रतिनिधि और भाजपा नेताओं को लॉयन सफारी के अंदर भ्रमण को लेकर जाने में बड़ी परेशानी आई। कई प्रमुख लोग और विशिष्टजन इस दौरान परेशान हुए।


