उदयपुर से करीब 50 किलोमीटर दूर सायरा क्षेत्र में बीती रात को खेतों में पिलाई कर रहे एक किसान पर तीन भालूओं ने हमला कर दिया। घायल किसान को देर रात उदयपुर अस्पताल में लेकर आए। किसान के शरीर पर भालू ने कई जगह हमले किए। जिले के गोगुंदा उपखंड के सायरा थाना क्षेत्र के रोयड़ा के पास कड़ेचावास गांव में शुक्रवार रात करीब 8 बजे कड़ेचावास निवासी प्रेम सिंह (40) पुत्र वगत सिंह राजपूत पर खेत में तीन भालुओं ने हमला कर बोले दिया।
उस समय प्रेमसिंह अपने खेत में गेहूं की फसलों को पिलाई का काम कर रहे थे। जैसे ही भालूओं के झूंड ने उन पर हमला किया तो उन्होंने शोर मचाया। इस बीच पास के खेतों से ग्रामीण दौड़े और शोर मचाया। ग्रामीणों ने बताया कि तीनों भालू वहां से झाड़ियों में होकर आगे की तरफ भाग गए। भालुओं के हमले से प्रेम सिंह के मुंह, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद ग्रामीणों ने घायल प्रेम सिंह को तुरंत उदयपुर के जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी और सायरा थाने से पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। गांव के प्रमुख लोगों ने भी ग्रामीणों को रात के समय घरों से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी। तीन भालुओं के हमले से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। तीन महीने पहले भी रोयड़ा में भालूओं का हमला हुआ था
इस क्षेत्र के रोयड़ा गांव में तीन भालू आबादी क्षेत्र में घुस गए और भालुओं ने युवक लालाराम (28) पुत्र भैराराम गमेती पर हमला कर दिया था। लालाराम गांव में ही भैंरुजी मंदिर में पूजा के लिए जा रहा था। तब पंचायत भवन और मंदिर के बीच भालुओं ने उस पर हमला कर दिया। इस इलाके में भालू बड़ी संख्या में
ये इलाका कुंभलगढ़ अभयारण्य क्षेत्र से जुड़ा है। यहां भालू बड़ी आबादी में हैं। भालुओं का इस जंगल से आबादी क्षेत्र में मूवमेंट रहता है। यहां से कुंभलगढ़ की दूरी करीब 50 किलोमीटर है लेकिन अभयारण्य क्षेत्र की सीमा से सटा ही ये इलाका है। भालूओं का यहां मूवमेंट रहता है। वीडियो : गोपाल लोढ़ा, गोगुंदा


