उदयपुर में तीन भालूओं ने किसान पर किया हमला:मुंह, सिर और शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव, खेत में सिंचाई करते समय अटैक

उदयपुर से करीब 50 किलोमीटर दूर सायरा क्षेत्र में बीती रात को खेतों में सिंचाई कर रहे एक किसान पर तीन भालूओं ने हमला कर दिया। घायल किसान को देर रात उदयपुर अस्पताल में लेकर आए। भालुओं ने किसान के मुंह, सिर और शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव कर दिए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। दरअसल, जिले के गोगुंदा उपखंड के सायरा थाना क्षेत्र के रोयड़ा के पास कडेचा की भागल गांव में शुक्रवार रात करीब 8 बजे, कड़ेचावास गांव के किसान प्रेम सिंह (40) अपने खेत में गेहूं की फसल को पानी दे रहे थे, तभी भालुओं ने उन पर हमला कर दिया। जैसे ही भालूओं के झूंड ने उन पर हमला किया तो उन्होंने शोर मचाया। इस बीच आवाज सुनकर आसपास के खेतों से ग्रामीण दौड़कर आए। उन्होंने शोर मचाकर भालुओं को भगाया, जो झाड़ियों में छिपते हुए भाग निकले। ग्रामीणों ने तुरंत घायल किसान को उदयपुर के जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी और सायरा थाने से पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। गांव के प्रमुख लोगों ने भी ग्रामीणों को रात के समय घरों से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी। तीन भालुओं के हमले से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। तीन महीने पहले भी रोयड़ा में भालूओं का हमला हुआ था
इस क्षेत्र के रोयड़ा गांव में तीन भालू आबादी क्षेत्र में घुस गए और भालुओं ने युवक लालाराम (28) पुत्र भैराराम गमेती पर हमला कर दिया था। लालाराम गांव में ही भैंरुजी मंदिर में पूजा के लिए जा रहा था। तब पंचायत भवन और मंदिर के बीच भालुओं ने उस पर हमला कर दिया। इस इलाके में भालू बड़ी संख्या में
ये इलाका कुंभलगढ़ अभयारण्य क्षेत्र से जुड़ा है। यहां भालू बड़ी आबादी में हैं। भालुओं का इस जंगल से आबादी क्षेत्र में मूवमेंट रहता है। यहां से कुंभलगढ़ की दूरी करीब 50 किलोमीटर है लेकिन अभयारण्य क्षेत्र की सीमा से सटा ही ये इलाका है। भालूओं का यहां मूवमेंट रहता है। वीडियो : गोपाल लोढ़ा, गोगुंदा

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *