उदयपुर में पूल पार्टी का बढ़ा क्रेज:4 दिन का लॉन्ग वीकेंड मनाने पहुंच रहे टूरिस्ट, शहर के 60% होटल और रिसॉर्ट्स बुक

उदयपुर में इस बार भी होली का त्योहार टूरिज्म इंडस्ट्री के लिए शुभ है। मार्च की शुरुआत में शनिवार-रविवार का वीकेंड और फिर सोमवार को होली (धुलंडी) का संयोग बनने से देशी टूरिस्ट का जबरदस्त बूम देखने को मिल रहा है। शहर के साथ-साथ हाईवे के होटल्स, विला और रिसॉर्ट्स में बुकिंग की मशक्कत होने लगी है। अब तक शहर के 60 से 70 फीसदी कमरे बुक हो चुके हैं। उदयपुर में 900 से अधिक होटल और रिसॉर्ट्स हैं। इसके अलावा 550 से ज्यादा होमस्टेगेस्ट हाउस और विला है। लॉन्ग वीकेंड ने बढ़ाया उत्साह इस साल होली 2 मार्च को है, जिससे ठीक पहले 28 फरवरी (शनिवार) और 1 मार्च (रविवार) की छुट्टियां पड़ रही हैं। इस 4 दिन के लॉन्ग वीकेंड को एन्जॉय करने के लिए टूरिस्ट ने 4 से 5 दिन का खास पैकेज बनाकर उदयपुर का रुख किया है। पर्यटकों की आवक शुक्रवार शाम से ही शुरू हो गई है, जो सोमवार तक और बढ़ेगी। उदयपुर आने वाले लोगों में सबसे बड़ी तादाद गुजरात और महाराष्ट्र के लोगों की है। ये टूरिस्ट अक्सर दो दिन यहां बिताते हैं और फिर श्रीनाथजी के दर्शन के लिए निकल जाते हैं। उनके लिए घूमना और दर्शन करना, दोनों काम एक साथ हो जाते हैं। साउथ इंडिया से भी आ रहे वर्किंग प्रोफेशनल्स एक ट्रेंड ये भी सामने आया है कि बेंगलुरु जैसे साउथ इंडियन शहरों में काम करने वाले लोग भी इस बार उदयपुर पहुंच रहे हैं। वहां होली की लंबी छुट्टियां नहीं होने के कारण वर्किंग प्रोफेशनल्स ने वीकेंड का लाभ उठाते हुए अलग से छुट्टियां ली हैं। वे इस पूरे सप्ताह को लेक सिटी में एन्जॉय करेंगे। इसके अलावा कई कॉर्पोरेट फ्रेंड्स और वेडिंग टूरिस्ट्स ने भी 3 से 4 दिन के स्टे के लिए होटल्स बुक किए हैं। कई शहरवासी भी रिसॉर्ट्स में मनाएंगे धुलंडी टूरिस्ट के साथ-साथ खुद उदयपुर के लोग भी इस बार धुलंडी के रंग खेलने के लिए घरों के बजाय रिसॉर्ट्स को तरजीह दे रहे हैं। शहर के लोग परिवार और दोस्तों के साथ ऐसी जगह तलाश रहे हैं, जहां मौज-मस्ती के साथ त्योहार का पूरा आनंद मिल सकें। रिसॉर्ट्स ने भी ग्राहकों को लुभाने के लिए खास पैकेज लॉन्च किए हैं, जिनमें ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर के साथ स्विमिंग पूल का एक्सेस भी शामिल है। होटल एसोसिएशन माने तो अलग-अलग इलाकों में 50-50 लोगों की पार्टी रिसॉर्ट की बुकिंग है। वहीं पुणे की एक अन्य पार्टी की ओर से 20 लोगों की बुकिंग आई है। उदयपुर होटल एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल का कहना है कि होली और लॉन्ग वीकेंड की वजह से इस बार डोमेस्टिक टूरिज्म में बड़ा उछाल देखने को मिल रहा है। होटलों के कमरे आधे से ज्यादा भर चुके हैं। खासकर महाराष्ट्र और गुजरात से सबसे ज्यादा बुकिंग्स हैं। इस बार पर्यटक केवल एक दिन के लिए नहीं, बल्कि लंबी अवधि के लिए रुकने का मन बनाकर आ रहे हैं, जो शहर की इकोनॉमी के लिए अच्छा संकेत है। बजट और पैकेज का गणित उदयपुर में चल रहे मार्केट ट्रेंड की बात करें तो इस समय रिसॉर्ट्स में एक कमरे का किराया खाने के पैकेज के साथ अलग-अलग कैटेगरी में 4 हजार रुपए से लेकर 8 हजार रुपए तक चल रहा है। वहीं, ग्रुप बुकिंग के लिए प्रति व्यक्ति करीब 1000 रुपए का पैकेज रखा गया है। होटल्स और विला की डिमांड ज्यादा होने से शहर के आस-पास बुकिंग मिलना मुश्किल हो रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *