उदयपुर में सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत, स्कूली बच्चों ने बुधवार को शहर के कोर्ट चौराहे पर वाहन चालकों को ट्रैफिक रूल्स का पाठ पढ़ाया। टू-व्हीलर पर हेलमेट नहीं पहनने और फोर-व्हीलर पर सीट बेल्ट नहीं लगाने वालों को बच्चों ने चिल्लाते हुए रोका और उन्हें इसकी पालना करने के लिए बार-बार कहा। वहीं, रॉन्ग साइड से आने वाले, तेज रफ्तार में चलाने वाले और ओवरलोडिंग करने वाले वाहन चालकों को भी रोककर पालना का संदेश दिया। साथ ही, ट्रैफिक रूल्स फॉलो करने वाले लोगों का तालियाँ बजाकर उत्साहवर्धन किया गया। शहर के गुरुनानक स्कूल सेक्टर-4,सेंट्रल पब्लिक स्कूल, द विजन एकेडमी स्कूल आदि के बच्चे इसमें शामिल थे। बच्चे यहां ट्रेफिक रूल्स पर आधारित संदेश लिखी तख्तियां हाथ में लिए खड़े थे। उन्होंने ट्रेफिक रूल्स फॉलो नहीं करने वालों को रोककर समझाया कि इन रूल्स को भार नहीं समझें। जीवन सुरक्षा के लिए इसकी पालना करें। इससे दुर्घटनाओं को रोक सकते हैं।


