चंडीपारा | सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ में विद्युत मंत्रालय के निर्देश पर स्मार्ट मीटर पखवाड़ा 9 से 23 फरवरी तक आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में 17 फरवरी को राज्य विद्युत वितरण कंपनी और जीनस मीटर कंपनी के संयुक्त तत्वावधान में नगर पंचायत पामगढ़ में उपभोक्ता जागरूकता शिविर हुआ। शिविर में उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटरिंग तकनीक की कार्यप्रणाली, सटीक और मानवीय त्रुटि रहित बिलिंग प्रणाली तथा मोबाइल एप से तत्काल बिजली खपत देखने की सुविधा के बारे में जानकारी दी गई। सहायक यंत्री संजय कुमार मानेकशा ने बताया कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर से लिंक किए जा सकते हैं। उपभोक्ता मोर बिजली एप डाउनलोड कर तात्कालिक रीडिंग और दैनिक खपत देख सकते हैं। इससे मीटर रीडर पर निर्भरता खत्म होती है और अचानक अधिक खपत होने पर कारणों का तुरंत पता लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इससे गलत बिजली बिल की समस्या भी दूर होगी। कंपनी के प्रतिनिधि मनीष तान्द्रे ने बताया कि पुराने मीटर हटाकर नए स्मार्ट मीटर लगाने पर कोई शुल्क नहीं लिया जाता। शिविर में 12 फीडबैक फॉर्म मिले। कार्यक्रम में विद्युत विभाग और जीनस कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में उपभोक्ता मौजूद रहे।


