जिले के सरदारशहर में 50 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित गवर्नमेंट उप जिला अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर के निर्माण की मांग को लेकर मंगलवार दोपहर सरदारशहर विकास मंच के बैनर तले लोगों ने कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने आरोप लगाया कि दो वर्ष पहले स्वीकृत इस अस्पताल का निर्माण राजनीतिक कारणों और निजी स्वार्थ के चलते जानबूझकर रोका जा रहा है। एडवोकेट राजेन्द्र राजपुरोहित ने बताया कि पूर्व में अस्पताल निर्माण के लिए सरदारशहर के बापा सेवा सदन के पास भूमि आवंटित करने का निर्णय लिया गया था। हालांकि, कुछ नेता इसे रीको या औद्योगिक क्षेत्र में स्थानांतरित करने का प्रयास कर रहे हैं, जहां प्रदूषण का खतरा बना रहेगा। इसे जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बताया गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दस दिन के भीतर पूर्व आवंटित भूमि पर निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी अव्यवस्था की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।


