उमरिया जिले के चंदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-43 बाइपास पर रविवार देर रात एक कोयला लदा ट्रक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सिर में गहरी चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार, MP-19-HA-6580 क्रमांक का यह ट्रक उमरिया से कटनी की ओर कोयला लेकर जा रहा था। रात करीब 2 बजे बाइपास के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सामने खड़े ट्रक में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। स्थानीय लोगों ने चालक को अस्पताल पहुंचाया स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से चालक सूरज (निवासी दमोह) को क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाला गया। उसे तत्काल चंदिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल उमरिया रेफर कर दिया गया। घायल चालक का इलाज जारी है। हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त ट्रक सड़क पर ही खड़ा रहने से नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


