उमरिया जिले के पाली थाना क्षेत्र में दो दिनों से लापता युवक का शव उसके घर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर जंगल में एक पेड़ से लटका मिला। चरवाहे ने शव लटकते देखा और शोर मचाया, इसके बाद ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है। सोमवार से लापता था युवक मृतक की पहचान रविशंकर सिंह (28), पिता कोमल सिंह के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि रविशंकर सोमवार से अचानक घर से लापता हो गया था, जिसके बाद से उसकी खोजबीन की जा रही थी। बुधवार को जब एक चरवाहा मवेशियों को चराने गांव से दूर निकला, तब उसने पेड़ पर युवक का शव लटकते देखा और शोर मचाया। चरवाहे की सूचना पर परिजन और ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। लंबे समय से बीमारी से परेशान था युवक के बड़े भाई शिवशंकर ने बताया कि रविशंकर काफी समय से पेट दर्द की बीमारी से ग्रसित था। परिजनों ने उसका कई स्थानों पर उपचार भी कराया था, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार न होने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी शारीरिक कष्ट और मानसिक तनाव के चलते युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा। पुलिस ने शुरू की मामले की जांच घटना की सूचना मिलते ही पाली थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी ने बताया- प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।


