बूंदी कलेक्टर अक्षय गोदारा ने शुक्रवार को उलेड़ा ग्राम पंचायत में रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए समय सीमा निर्धारित करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने मुख्य रूप से 11 केवी बिजली लाइन शिफ्टिंग, सड़क किनारे जंगली बबूल कटवाने, अवैध अतिक्रमण हटाने, पुराने रास्तों की मरम्मत कर सीसी सड़क निर्माण, नए विद्युत कनेक्शन, जल जीवन मिशन के तहत कनेक्शन, उप स्वास्थ्य केंद्र के लिए भूमि आवंटन, खेल मैदान में विकास कार्य, सड़क किनारे नाली और पुलिया निर्माण, तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन से संबंधित मुद्दे उठाए। जिला कलेक्टर ने जोर देकर कहा कि आमजन के प्रकरणों का निस्तारण करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर समस्याओं का समाधान दिखना चाहिए। जिला कलेक्टर ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। चौपाल में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि वर्मा, उपखण्ड अधिकारी बूंदी लक्ष्मीकांत मीणा, तहसीलदार बूंदी अर्जुन लाल मीणा, विकास अधिकारी मनोज जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।


