हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अंबोटा चौक पर एक सड़क हादसा हुआ। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी सवार तीन युवक घायल हो गए। बताया जा रहा है कि स्कूटी चला रहा युवक नाबालिग था। टक्कर के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, यह घटना बीते बुधवार को हुई। जहां एक नाबालिग युवक स्कूटी चला रहा था, जिस पर उसके साथ दो अन्य युवक भी सवार थे। स्कूटी सवार आशापुरी बाईपास की तरफ से बिना दाएं-बाएं देखे अंबोटा चौक पार करने लगे। इसी दौरान दौलतपुर की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग घायल टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी चालक दिव्यांश और उसके साथ सवार दो अन्य युवकों को चोटें आईं। उन्हें तत्काल गगरेट के अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही गगरेट थाना से पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। केस दर्ज पुलिस जांच में जुटी पुलिस ने एक प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर स्कूटी ड्राइवर और ट्रक नंबर के जरिए अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर वाहन (MV) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


