ऊना में ट्रेन की चपेट में आने से युवक की:सैर करने के दौरान हुआ हादसा, स्वच्छ भारत मिशन में जिला समन्वयक था

ऊना जिले के अंब क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 34 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कलरूही निवासी मुनीष जस्सल (34) पुत्र राजिन्द्र कुमार के रूप में हुई है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, मुनीष जस्सल शनिवार सुबह अपने घर के पास अंब अंदौरा-दौलतपुर रेलवे ट्रैक के किनारे सैर कर रहे थे। इसी दौरान दौलतपुर चौक से अंबाला जा रही पैसेंजर ट्रेन (डीएमयू) वहां से गुजरी और मुनीष दुर्भाग्यवश उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन रोकी और गंभीर रूप से घायल मुनीष को ट्रेन में डालकर अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन तक पहुंचाया गया। वहां से एम्बुलेंस द्वारा उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल अंब ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, मुनीष को गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण उनकी जान बचाई नहीं जा सकी। मुनीष जस्सल शहरी विकास विभाग ऊना में स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिला समन्वयक के पद पर कार्यरत थे। उनके पिता राजिन्द्र कुमार हिमाचल पुलिस से सब इंस्पेक्टर के पद से सेवानिवृत्त हैं। मुनीष अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे और उनकी शादी लगभग दो वर्ष पहले हुई थी। इस दुखद घटना से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रेलवे पुलिस चौकी ऊना के सब इंस्पेक्टर सुरिन्दर शर्मा ने बताया कि पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव का पोस्टमार्टम क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *