हिमाचल प्रदेश में भाजपा के संगठन महापर्व के दौरान बुधवार को ऊना में पार्टी को नया जिलाध्यक्ष मिल गया। चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के शाम मनिहास को निर्विरोध जिलाध्यक्ष चुना गया है। यह लगातार दूसरी बार है जब चिंतपूर्णी विधानसभा से कोई जिलाध्यक्ष बना है, इससे पहले पूर्व विधायक बलवीर चौधरी इस पद पर रहे हैं। जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिला चुनाव प्रभारी त्रिलोक जंबाल, पूर्व मंत्री डॉ. राजीव सहजल, ऊना सदर के विधायक सतपाल सत्ती और पार्टी महामंत्री बिहारी लाल की उपस्थिति में मनिहास के नाम की घोषणा की गई। मनिहास इससे पहले पार्टी के जिला महामंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। हालांकि, जिले के दस मंडलों में से कुटलैहड़ और गगरेट विधानसभा क्षेत्र के चार मंडलों में चुनाव अभी बाकी हैं। स्थानीय स्तर पर विरोध के कारण इन मंडलों के अध्यक्षों के नामों पर अभी मुहर नहीं लग पाई है। चुनाव प्रभारी त्रिलोक जंबाल ने बताया कि जल्द ही इन मंडलों को भी नए अध्यक्ष मिल जाएंगे। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष शाम सिंह मनिहास ने कहा कि पार्टी हाईकमान और प्रदेश संगठन द्वारा दी गई इस नई जिम्मेदारी को वह पूरी कर्मठता से निभाएंगे। उन्होंने प्रदेश और जिले के नेतृत्व के मार्गदर्शन में संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।


