राजिम| गरियाबंद मुख्य मार्ग पर सोमवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। पीछे से आ रही एक तेज बाइक ने दूसरी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बाइक लगभग 100 मीटर तक सड़क पर घसीटती चली गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। जानकारी के अनुसार, सुरसाबांधा का एक परिवार अपने मासूम बच्चे के इलाज के लिए नवापारा गया था। इलाज के बाद वे वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर मारने वाली बाइक अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर तक सड़क पर घसीटती चली गई। हादसे में बाइक सवार घनाराम ध्रुव के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि साथ में सवार ओमप्रकाश ध्रुव को भी चोटें आई हैं। दोनों युवक ग्राम करमदा, जिला बलौदाबाजार के निवासी बताए जा रहे हैं। घनाराम की हालत गंभीर बताई गई है।


