चित्तौड़गढ़ में एक बार फिर अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। पारा 26 डिग्री के ऊपर चला गया। जबकि न्यूनतम तापमान अभी भी स्थिर है। वहीं, मौसम विभाग ने 17 दिसंबर से फिर से शीतलहर चलने की संभावना जताई है। फिलहाल मौसम शुष्क और साफ रहेगा। कोहरे का भी कोई असर नहीं है। रात का पारा स्थिर चित्तौड़गढ़ में इस साल दिसंबर महीने में ही कड़ाके की ठंड पड़ गई है। बीते कुछ दिनों से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। लेकिन शनिवार को एक बार फिर अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिन के तापमान में 2.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, जिसके बाद अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जबकि दो दिनों से रात का तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते पूरे प्रदेश के मौसम में बदलाव देखा गया है। शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी मौसम विभाग के अनुसार चित्तौड़गढ़ में तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। लेकिन 17 दिसंबर से फिर से एक बार शीत लहर की वजह से तापमान में भारी गिरावट आएगी। कड़ाके की ठंड जनवरी महीने तक जारी रहेगी। जिले को होने वाली शीतलहर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि जिले में अभी तक कोहरे का कोई भी असर देखा नहीं गया। इसीलिए विजिबिलिटी भी क्लियर है।