एक ही पंडाल में रुद्र महायज्ञ और भागवत कथा कराई गई

चिरमिरी | चिरमिरी के गोदरीपारा एकता नगर स्थित श्री हनुमान मंदिर परिसर में पंच कुण्डीय रुद्र महायज्ञ व श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर नगर पालिक निगम के महापौर रामनरेश राय, कांग्रेस नेता विनय उपाध्याय और पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अभय जायसवाल कथा स्थल पहुंचे। आयोजन समिति (एकतानगर पूजा समिति) ने अतिथियों का शॉल और श्रीफल भेंट कर स्वागत किया। विनय उपाध्याय ने कहा कि चिरमिरी के इतिहास में यह दूसरी बार हो रहा है, जब एक ही परिसर में श्रीमद् भागवत कथा, पंच कुण्डीय रुद्र महायज्ञ और महाशिवरात्रि पर कन्या विवाह जैसे पुनीत कार्य संपन्न हो रहे हैं। उन्होंने इस भव्य अनुष्ठान के लिए समिति के युवा सदस्यों की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताया। कथा के अंतिम दिन कथा वाचक मिथिलेश महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के उद्धव गमन प्रसंग का वर्णन किया। जब श्रीकृष्ण अपने सखा उद्धव को गोकुल भेजते हैं, तो विरह और प्रेम की जो धारा प्रवाहित होती है, उसने पांडाल में मौजूद हर श्रद्धालु को भावविभोर कर दिया। महाराज ने बताया कि कैसे भक्ति और प्रेम के आगे ज्ञान का अहंकार भी झुक जाता है। आयोजन को सफल बनाने में एकता नगर पूजा समिति के सदस्य गेंदलाल पटेल, विश्वनाथ कुशवाहा, राजकुमार, प्रफुल्ल नाहक, रवि पोलाई आदि का योगदान रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *