एक ही रात में 3 घरों में चोरी, 20 तोला सोना, तीन किलो चांदी और 45 हजार रुपए ले भागे बदमाश

शहर में एक ही रात में तीन सूने मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। देर रात सलूंबर थाना क्षेत्र के वाल्मीकि बस्ती और भोईवाड़ा इलाके में बदमाशों ने योजनाबद्ध तरीके से चोरी कर क्षेत्र में दहशत फैला दी। वाल्मीकि बस्ती में पहले आसपास के मकानों के दरवाजों के कुंडों (करनालों) पर कपड़ा बांध दिया, ताकि अंदर सो रहे लोगों को बाहर की गतिविधियों का आभास न हो सके और वे बिना किसी बाधा के चोरी की वारदात को अंजाम दे सकें। इसके बाद उन्होंने एक-एक कर सूने मकानों को निशाना बनाया और घरों के ताले तोड़कर अंदर रखे कीमती जेवरात एवं नकदी समेटकर फरार हो गए। वाल्मीकि बस्ती निवासी मनोहर वाल्मीकि के घर से चोर शादी के लिए खरीदे गए करीब 10 तोला सोने के जेवर, ढाई किलो चांदी के गहने तथा लगभग 20 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए। परिजनों को घटना की जानकारी सुबह हुई, इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। इसी तरह शहर के भोईवाड़ा स्थित चामुंडा मंदिर के सामने निवासी भैराजी भोई के बंद मकान को भी बदमाशों ने निशाना बनाया और वहां से करीब 8 तोला सोने के जेवर, आधा किलो चांदी तथा लगभग 10 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए। बताया जा रहा है कि भैराजी भोई का परिवार वर्तमान में उदयपुर में निवास कर रहा है, इससे मकान लंबे समय से सूना पड़ा था। इसके अलावा मंदिर के पड़ोस में रहने वाले शंभूलाल भोई के मकान में भी चोरों ने हाथ साफ किया और वहां से करीब 2 तोला सोने की चेन तथा 15 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए। शंभूलाल का परिवार भी शहर के दूसरे हिस्से में बने मकान में रहने के कारण यह मकान खाली था, इसका फायदा उठाकर बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही सलूंबर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पूर्व में हुई चोरियों का नहीं हुआ है खुलासा : करीब दो माह पूर्व 14 दिसम्बर की रात सलूंबर थाना क्षेत्र के गांव सेरिया में एक ही रात में 16 घरों के ताले तोड़कर बड़ी चोरी को अंजाम दिया था। उस घटना में चोर करीब 25 तोला सोना, ढाई किलो चांदी और लगभग 45 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए थे। घटना को दो माह बीत जाने के बावजूद अब तक पुलिस उस मामले का खुलासा नहीं कर पाई है। चार दिन पूर्व सेमारी गांव के ब्रह्मपुरी इलाके में भी अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के जेवरात और नकदी चोरी कर ली थी। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और चोरी की वारदातों का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *