सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के एग्जाम पेपर में पाई जाने वाली कमियों के संबंध में शिकायत (आपत्ति)दर्ज करने की प्रक्रिया को लेकर स्कूलों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। यह कदम एग्जाम पेपर में लापरवाही के मामलों और समय पर आपत्तियां दर्ज न होने के कारण समाधान में होने वाली देरी को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। आधिकारिक नोटिफिकेशन में सभी स्कूल प्रबंधनों को कहा- पेपर से संबंधित आपत्तियां स्पष्ट, पूरी और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही दर्ज की जाएं। निर्देशों का पालन न करने पर सीबीएसई द्वारा उचित कार्रवाई की जा सकती है। पिछले सालों में कई स्कूलों की ओर से भेजी गई कई शिकायतें अस्पष्ट और अधूरी पाई गईं। उदाहरण के तौर पर कुछ स्कूलों ने किसी सवाल पर आपत्ति जताई तो केवल यही लिखा कि प्रश्न गलत है। प्रश्न में क्या गलत है, किस चीज पर आपत्ति है, इसका कोई जिक्र नहीं किया गया। कई स्कूल काफी समय बाद शिकायत भेजते हैं। ऐसे में बोर्ड को सही निर्णय लेने में परेशानी होती है और समय लगता है। जारी नोटिफिकेशन के अनुसार जिस दिन परीक्षा हो, उसी दिन अगर कोई दिक्कत हैं तो शिकायत दर्ज करवा दी जाए, ये केवल आनलाइन एग्जामिनेशन सेंटर मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल पर अपलोड की जाए, आपत्तियों से संबंधित किसी भी पूछताछ के लिए आफिशल ईमेल आईडी पर ही ईमेल किया जाए। सीबीएसई ने साफ संकेत दिया है कि अब नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तय सिस्टम के अनुसार दर्ज की गई आपत्तियां ही स्वीकार की जाएंगी।


