राजमोहनी देवी एग्रीकल्चर कॉलेज के हॉस्टल में एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक द्वितीय वर्ष का छात्र था। छात्र के कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिजनों के नहीं पहुंच पाने के कारण छात्र के शव का पोस्टमार्टम आज नहीं हो सका। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 10 बजे राजमोहनी देवी एग्रीकल्चर कॉलेज के ब्वायज हॉस्टल में रहने वाले बीएससी सेकेंड इयर के छात्र विवेक अनंत (22) का शव कमरे में फांसी पर झूलता हुआ मिला। सुबह हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्रों ने विवेक अनंत की खोजबीन की तो उसका कमरा नंबर 36 बंद मिला। दरवाजा खटखटाने पर भी अंदर से कोई आवाज नहीं आई और विवेक ने कमरा नहीं खोला तो छात्रों ने पीछे खिड़की से कमरे के अंदर झांककर देखा। फंदे से उतारकर पहुुंचाया अस्पताल
हॉस्टल के छात्रों ने दरवाजे का ताला तोड़ा और कमरे में घुसे और विवेक अनंत को छूकर देखा। उसकी नब्ज चल रही थी। साथी छात्रों ने उसे फंदे से नीचे उतारा और मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में दाखिल कराया, जहां उसकी मौत हो गई। आशंका है कि विवेक ने सुबह ही फांसी लगाई थी। नहीं मिला सुसाइड नोट
मृत छात्र विवेक अनंत मूलतः बिलासपुर जिले के मुंगेली का निवासी था। छात्र के पिता सतानंद अनंत को घटना की सूचना दे दी गई। सूचना पर परिजन शाम तक अंबिकापुर नहीं पहुंच सके थे। इसके कारण छात्र के शव का आज पोस्टमार्टम नहीं हो सका। रविवार को छात्र के शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। गांधीनगर पुलिस मामले मामले में जांच कर रही है। छात्र के कमरे में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। साथी छात्रों ने बताया कि विवेक अनंत ने किसी परेशानी को लेकर कभी चर्चा नहीं की थी। साथी छात्र भी हैरान हैं कि विवेक अनंत ने ऐसा कदम क्यों उठाया। पुलिस परिजनों के आने का इंतजार कर रही है।


