भास्कर न्यूज| लुधियाना खालसा कॉलेज फॉर वुमन, सिविल लाइंस के रेड रिबन क्लब द्वारा एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने और छात्राओं में जिम्मेदार व्यवहार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक जागरूकता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में एक विशेष जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें एचआईवी की जानकारी, भयमुक्त समाज और भेदभाव समाप्त करने का संदेश दिया गया। यह कार्यक्रम पीएसएसीएस और नाको के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत संबोधन से हुई, जिसमें एचआईवी/एड्स की रोकथाम में जागरूकता की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि सही जानकारी और समय पर जांच ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। रेड रिबन क्लब के स्वयंसेवकों ने एचआईवी संक्रमण के तरीकों, इससे जुड़े मिथकों और भ्रांतियों, बचाव के उपायों तथा समय पर जांच और उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। छात्राओं ने शपथ ग्रहण गतिविधि में उत्साहपूर्वक भाग लिया और एचआईवी/एड्स से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग का भाव रखने का संकल्प लिया। उन्होंने भेदभाव और सामाजिक कलंक के खिलाफ आवाज उठाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ भी ली। रैली के दौरान छात्राओं ने जागरूकता संबंधी नारों के माध्यम से लोगों को एचआईवी के प्रति सही जानकारी अपनाने और भ्रांतियों से दूर रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रिंसिपल डॉ. कमलजीत ग्रेवाल ने नोडल अधिकारी शीतल सोई और रेड रिबन क्लब की टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि एचआईवी/एड्स की रोकथाम के लिए जागरूकता, समय पर जांच और सामूहिक जिम्मेदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित किया कि वे अपने परिवार और समुदाय में सही जानकारी, संवेदनशीलता और सहयोग का संदेश फैलाएं, ताकि समाज को इस गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक और सशक्त बनाया जा सके।


