हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन की ओर से एचईसी के सभी एफटीई वर्कर्स व सप्लाई-ठेका कर्मियों से आग्रह किया गया है कि वे तत्काल प्रभाव से गेट पास फॉर्म भरकर पी एंड ए सेक्शन में जमा करें। जिनका गेट पास बन चुका है, वे शुक्रवार से नियमित ड्यूटी जॉइन करें। यूनियन के महामंत्री लीलाधर सिंह ने कहा कि सभी कर्मियों को वर्षभर में कुल 16 अवकाश (पेड हॉलिडे) दिए जाएंगे, जो कि एचईसी के स्थायी कर्मियों को मिलने वाले अवकाश के अनुरूप होंगे। यूनियन का यह भी कहना है कि प्रत्येक कर्मचारी को पूर्व निर्धारित कॉन्ट्रैक्ट के अनुसार ही वेतन मिलेगा। किसी के वेतन में कटौती नहीं की जाएगी। रविवार को कार्यदिवस में नहीं गिना जाएगा और यदि कोई राष्ट्रीय अवकाश रविवार को पड़ता है, तो अतिरिक्त छुट्टी मिलेगी। बोनस का भुगतान भी किया जाएगा। यूनियन महासचिव लीलाधर सिंह ने ठेका व सप्लाई कर्मियों के चल रहे आंदोलन को आत्मघाती कदम बताया है। कहा कि एक जुलाई को दिल्ली में संसदीय समिति की बैठक में एचईसी के पुनरुद्धार को लेकर गंभीर चर्चा हुई। यहां कुछ ठेका कर्मी आंदोलन कर रहे हैं, जो इस प्रयास को नुकसान पहुंचा सकता है।


