एटक को बड़ा झटका, 70-75 कामगार HMS में शामिल:दीपका में एरिया अध्यक्ष जीत सिंह समेत कई नेताओं ने छोड़ी एटक

कोरबा के कोयला क्षेत्र की श्रमिक राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। एटक यूनियन के 70-75 सदस्यों और पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से संगठन से इस्तीफा देकर हिंद मजदूर सभा (HMS) की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस सामूहिक निर्णय में एटक दीपका के एरिया अध्यक्ष जीत सिंह, यूनिट अध्यक्ष मनमीत सिंह और सेफ्टी मेंबर राम नारायण राजवाड़े शामिल हैं। इस बदलाव में एचएमएस के यूनिट जेसीसी राजकुमार राठौर की रणनीति की अहम भूमिका रही। प्रगति नगर स्थित स्नेह मिलन भवन में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें एटक से जुड़े पदाधिकारी कोयला मजदूर सभा के जय घोष के साथ एचएमएस में शामिल हुए। इस अवसर पर एचएमएस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे। एचएमएस मजदूरों के हित में प्रतिबद्ध: रेशम लाल यादव कोयला मजदूर सभा (एचएमएस) के वरिष्ठ श्रमिक नेता और स्टीयरिंग कमेटी सदस्य रेशम लाल यादव के साथ तरुण राहा ने सभी नए सदस्यों को अंग वस्त्र और फूलमाला पहनाकर एचएमएस की सदस्यता दिलाई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेशम लाल यादव ने कहा कि एचएमएस हमेशा मजदूरों के अधिकार, सुरक्षा और हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए साथियों के जुड़ने से संगठन और मजबूत होगा। यादव ने यह भी कहा कि श्रमिकों की समस्याओं के समाधान में एचएमएस अन्य यूनियनों से आगे रहा है। तरुण राहा: मजदूरों की एकजुटता ही एचएमएस की ताकत एचएमएस के महामंत्री तरुण राहा ने अपने संबोधन में कहा कि मजदूरों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने संगठन की नीतियों को श्रमिक हितैषी बताते हुए सभी नए सदस्यों का स्वागत किया। एटक छोड़कर एचएमएस में शामिल हुए जीत सिंह ने बताया कि मजदूरों के व्यापक हित और उनकी समस्याओं के प्रभावी समाधान को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपने साथियों के साथ एचएमएस में शामिल होने का निर्णय लिया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस संगठन के माध्यम से श्रमिकों की आवाज को और अधिक मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम का सफल संचालन वेलफेयर मेंबर एस.डी. तिवारी ने किया। सदस्यता ग्रहण करने के बाद सभी श्रमिक नेताओं ने जिंदाबाद के नारे लगाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *