एडवोकेट मौत मामला: निष्पक्ष जांच की मांग तेज, 2 को धरना

भास्कर न्यूज |लुधियाना ललकार ग्रुप से जुड़े एडवोकेट दिलजोत शर्मा की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर बनी एक्शन कमेटी ने लुधियाना में बैठक कर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। कमेटी और मृतक की मां ने पुलिस पर जानबूझकर जांच लटकाने का आरोप लगाते हुए 2 मार्च को पुलिस कमिश्नर दफ्तर के बाहर पक्का धरना देने का ऐलान किया है। बैठक में दिलजोत शर्मा की मां वीरपाल कौर, सीपीआई (एमएल) लिबरेशन के सुखदर्शन नत्त और इंटरनेशनल डेमोक्रेटिक प्लेटफॉर्म के कर्नैल सिंह जखेपल ने कहा कि दिलजोत की मौत को करीब डेढ़ महीना बीत चुका है, लेकिन पुलिस अब तक जरूरी जांच प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाई है। कमेटी के अनुसार, पुलिस ने न तो दिलजोत की लिखावट का मिलान कराया है और न ही मौत के समय पहने कपड़ों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है। इसके अलावा विसरा रिपोर्ट भी अब तक मंगवाई नहीं गई है। कमेटी का आरोप है कि पुलिस जानबूझकर मामले की जांच को धीमा कर रही है, जिससे आरोपियों को संरक्षण दिए जाने के संकेत मिलते हैं। एक्शन कमेटी ने स्पष्ट किया कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने ऐलान किया कि 2 मार्च को पुलिस कमिश्नर दफ्तर के बाहर धरना देकर पुलिस की कार्यप्रणाली के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *