एनएसएस शिविर व्यक्तित्व निर्माण की पाठशाला: अमरेंद्र

भास्कर न्यूज | ​जशपुरनगर शासकीय राम भजन राय एनईएस स्नातकोत्तर कॉलेज जशपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई का सात दिवसीय विशेष शिविर ग्राम भुड़केला में शनिवार को उत्साहपूर्ण तरीके से शुरू हुआ। “युवा नेतृत्व के माध्यम से नशामुक्त, स्वस्थ और सशक्त छत्तीसगढ़ का निर्माण” थीम पर शुरू हुआ यह शिविर 13 फरवरी तक ग्रामीण विकास और जन-जागरूकता गतिविधियों से भरा रहेगा। पहले दिन स्वयंसेवकों ने पारंपरिक स्वागत नृत्य कर अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि कॉलेज के प्राचार्य अमरेंद्र और विशिष्ट अतिथि उपसरपंच योगेश टोप्पो ने स्वामी विवेकानंद के तैलचित्र पर दीप जलाकर किया। मुख्य अतिथि अमरेंद्र ने कहा कि यह शिविर सिर्फ सात दिनों का प्रवास नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की पाठशाला है। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों का आचरण और सेवाभाव ऐसा होना चाहिए कि शिविर के बाद भी ग्रामवासी उन्हें याद रखें। अनुशासन को स्वयंसेवक की पहचान बताया। हिंदी विभागाध्यक्ष कीर्ति किरण केरकेट्टा ने कहा कि वास्तविक शिक्षा समाज की समस्याओं को समझने और उनके समाधान में निहित है। पुरुष इकाई के कार्यक्रम अधिकारी गौतम कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि प्रतिदिन सुबह ग्रामीणों को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। गांव की गलियों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई की जाएगी। बौद्धिक परिचर्चा में नशामुक्ति, जल संरक्षण और शासकीय योजनाओं पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रत्येक शाम सामाजिक संदेश दिए जाएंगे। कार्यक्रम का संचालन शिविर नायक परमेश्वर सिंह ने किया। महिला कार्यक्रम अधिकारी अंजिता कुजूर ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान प्राध्यापक सरिता निकुंज, सहायक प्राध्यापक रिजवाना खातून, लाइजीन मिंज, आइलीन एक्का, बोधप्रकाश राठौर और वरिष्ठ स्वयंसेवक सत्यपाल सिंह, हेमराज सिंह, षष्टीक सिंह उपस्थित थे। शिविर व्यवस्था में शिविर नायिका नम्रता तिग्गा, कर्मा सन्यासी, प्रियंका तिग्गा, सुरेश राम और होनाथ सिंह की सक्रिय भूमिका रही। आने वाले सात दिनों में एनएसएस के ये युवा दूत भुड़केला में बदलाव लाने के लिए जुटे रहेंगे। सात दिवसीय एनएसएस शिविर।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *