भास्कर न्यूज | जालंधर मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) नीट यूजी की परीक्षा चार मई को लेगी। यह परीक्षा पेन एंड पेपर मोड में ओएमआर शीट पर होगी। उम्मीदवारों को एक मई को एडमिट कार्ड मिलने की उम्मीद है। एनटीए नीट यूजी 2025 में केंद्र चयन का तरीका बदलेगी। अब सरकारी संस्थानों में ही परीक्षा केंद्र होगा। अभी तक सीबीएसई के निजी स्कूलों को सेंटर बनाया जाता था, लेकिन पेपर लीक कांड के बाद नियमों में बदलाव किया गया है। केंद्रों पर सीसीटीवी से निगरानी और पहचान प्रक्रिया के लिए नई टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जाएगा। परीक्षा सेंटर तक प्रश्नपत्र पहुंचाने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सख्त रहेगी। नीट के पेपर लाने-ले जाने के लिए लॉक एंड ट्रैकिंग सिस्टम वाले वाहनों का इस्तेमाल किया जाएगा। एनटीए अभ्यर्थियों, परीक्षा केंद्रों पर तैनात कर्मी और शिक्षकों की काउंसलिंग भी कराएगी। साथ ही अभ्यर्थियों को जागरूक करने के लिए भी अभियान चलाया जाएगा। हाई लेवल कमेटी करवाएगी परीक्षा : नीट यूजी की परीक्षा इस बार हर जिले में कलेक्टर, एसपी, सेंट्रल स्कूल के प्राचार्यों और जिला शिक्षा अधिकारी की हाई लेवल कमेटी करवाएगी। यह कमेटी हर जिले में सुनिश्चित करेगी कि परीक्षा के दौरान पेपर लीक न हों और फर्जी छात्र परीक्षा में शामिल नहीं हो सके। पिछले साल नीट यूजी के पेपर लीक विवाद के बाद केंद्र सरकार ने बड़ा बदलाव किया है। टाई ब्रेकिंग पॉलिसी में भी बदलाव: इस साल नीट यूजी की टाई ब्रेकिंग पॉलिसी में भी बदलाव किया गया है। अब नीट परीक्षा में समान अंक लाने वाले उम्मीदवारों के बीच टाई होने की स्थिति में एक स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति द्वारा रेंडम प्रोसेस का उपयोग कर इसे हल किया जाएगा। नीट यूजी-2025 के पेपर में 180 प्रश्न अनिवार्य होंगे। फिजिक्स और केमेस्ट्री में 45 सवाल और बायोलॉजी में 90 प्रश्न होंगे। टाई ब्रेकिंग पॉलिसी के साथ नीट यूजी में नो ऑप्शनल क्वेश्चन रूल भी लाया गया है। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन फॉर मेडिकल साइंसेस अपनी सभी परीक्षाओं को टाइम बाउंड कर रहा है।


