एनिमेशन फिल्म संवेदना ने जीते दो प्रतिष्ठित फिल्म पुरस्कार:अभिलाषा भारतीय ने किया निर्देशन, गोवा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल और अभिजात शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल में मिला अवॉर्ड

अभिटूंस क्रिएशन के बैनर तले बनी एनिमेटेड शॉर्ट फिल्म संवेदना ने अपनी प्रतिभा और संवेदनशील विषयवस्तु के बलबूते पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दो प्रतिष्ठित पुरस्कार जीते हैं। हाल ही में गोवा इंटरनेशनल फिल्म कॉम्पिटिशन में इसे बेस्ट एनिमेटेड शॉर्ट फिल्म का पुरस्कार मिला। इसके बाद अभिजात शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल, लातूर में भी इसने बेस्ट एनिमेटेड शॉर्ट फिल्म का अवॉर्ड जीतकर अपनी सफलता की कहानी को और मजबूत किया। संवेदना फिल्म अपनी अनूठी कहानी और उच्च-स्तरीय एनीमेशन के लिए पहले ही कई प्रमुख फिल्म समारोहों में चयनित और प्रशंसित हो चुकी है। यह फिल्म पुणे के प्रतिष्ठित मुम्बा फिल्म फेस्टिवल में चयनित हुई थी और हाल ही में जयपुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (JIFF) में भी नामांकित हुई है। फिल्म को न केवल दर्शकों का अपार प्यार मिल रहा है, बल्कि फिल्म समीक्षकों ने भी इसकी भूरि-भूरि प्रशंसा की है। संवेदना फिल्म को तपन भट्ट ने लिखा है और इसे अभिलाषा भारतीय ने निर्देशित किया है। फिल्म की कहानी मानवीय संवेदनाओं और समाज के प्रति जागरूकता पर आधारित है, जिसे बेहद संजीदगी से पर्दे पर उतारा गया है। फिल्म के एडिटर स्वप्निल टांक हैं, जिन्होंने फिल्म के प्रत्येक फ्रेम को बेहतरीन तरीके से प्रस्तुत किया है। फिल्म के एनिमेशन में जिन कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है, उनमें जाह्नवी तनेजा, आयुषी कसेरा, सिद्धि गांधी, खुशी जैन, प्रियंका गुप्ता, एंजिलिना अरूपा केरकेट्टा, अक्षिता खंडेलवाल, और स्नेहा गौतम शामिल हैं। इन सभी एनिमेटर्स ने अपने कौशल से फिल्म को जीवन्त बना दिया है। संवेदना की यह सफलता एनिमेशन फिल्म जगत में उभरते भारतीय प्रतिभाओं के लिए एक प्रेरणा है। यह फिल्म न केवल मनोरंजन का माध्यम है, बल्कि समाज में संवेदनशील मुद्दों को उजागर करने का एक सशक्त प्रयास भी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *