डीडवाना के राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल में एनीमिया मुक्त राजस्थान अभियान के तहत एक दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में ब्लॉक स्तर के पीईईओ, यूसीईईओ और सभी राजकीय विद्यालयों के एनीमिया प्रभारी शिक्षक शामिल हुए। मौलासर के अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सब्बीर खान ने शिक्षकों को एनीमिया की रोकथाम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों में आयरन और खून की कमी दूर करने के लिए हर मंगलवार और शुक्रवार को आयरन फोलिक एसिड टेबलेट दी जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशन में हुए इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य एनीमिया मुक्त भारत अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यशाला में एनीमिया के लक्षण, पहचान और बचाव के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। शिक्षकों को यह जिम्मेदारी दी गई है कि वे अपने विद्यालयों में बच्चों को आयरन की कमी के दुष्प्रभावों से अवगत कराएं। साथ ही इसके समाधान के लिए जागरूक करें, जिससे जिले में एनीमिया की समस्या को कम किया जा सके।


