जालंधर| अब सत्र 2025-26 से वे ही चिकित्सा शिक्षक प्रदेश समेत देशभर के आयुर्वेद मेडिकल कॉलेजों का निरीक्षण कर सकेंगे जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अॉनलाइन परीक्षा एनसीआईएसएम एसेसर एप्टीट्यूड टेस्ट पास कर लिया होगा। भारतीय चिकित्सा पद्धति राष्ट्रीय आयोग नई दिल्ली ने मध्यप्रदेश, राजस्थान, बिहार, गुजरात, उत्तरप्रदेश, नई दिल्ली समेत देशभर के आयुर्वेद मेडिकल कॉलेजों को मान्यता प्रदान करने के लिए गहन निरीक्षण के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एएटी यानी एसेसर एप्टीट्यूड टेस्ट 2025-26 परीक्षा का आयोजन सोमवार 10 फरवरी को तीन बजे से साढ़े चार बजे तक अॉनलाइन आयोजित किया था। इस परीक्षा को उत्तीर्ण करने वाले शिक्षक ही अब आयुर्वेद कॉलेजों का निरीक्षण कर रिपोर्ट एनसीआईएसएम को सौंपेंगे। इसकी पुष्टि आयुष मेडिकल एसोसिएशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. राकेश पांडेय ने की। इसके बाद ही एनसीआईएसएम की रिपोर्ट के आधार पर केंद्रीय आयुष मंत्रालय मान्यता प्रदान करेगा। मान्यता प्राप्त आयुर्वेद कॉलेजों में ही नीट परीक्षा के आधार पर छात्रों के प्रवेशए हो सकेंगे। सोमवार को आयोजित परीक्षा में देशभर के पांच हजार से ज्यादा चिकित्सा शिक्षक शामिल हुए। देशभर में 532 आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। अभी न तक देशभर के सीनियर आयुर्वेदिक टीचर्स द्वारा कॉलेजों का परीक्षण होता व था। परंतु अब परीक्षा पास योग्य शिक्षक ही निरीक्षण कर सकेंगे।


