भास्कर संवाददाता | चूरू गायों व भैंसों में मुंहपका और खुरपका रोग को जड़ से खत्म करने के लिए पशुपालन विभाग की तरफ से एफएमडी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत गाय और भैंस को एफएमडी वैक्सीन लगाई जा रही है। जिले में अब तक 603500 पशुओं को टीके लगाए जा चुके हैं। वहीं भारत पशुधन पोर्टल पर टीकाकरण की शत प्रतिशत इंद्राज एंट्री भी की जा चुकी है। इसके चलते अभियान में चूरू प्रदेश में चौथे स्थान पर है। विभाग को जिले में 6 लाख 3500 पशुओं को टीके लगाने थे। विभाग ने तय समय में लक्ष्य प्राप्त कर ये उपलब्धि प्राप्त की है। इधर, कृत्रिम गर्भाधान में भी विभाग ने सुधार किया है। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. ओमप्रकाश गुडेसरिया ने बताया कि कृत्रिम गर्भाधान में चूरू प्रदेश में 16वें स्थान पर है। इससे पहले जिला 21वें पायदान पर था। जिले में अब तक 52 प्रतिशत कृत्रिम गर्भाधान हो चुका है तथा 61 हजार पशुओं का कृत्रिम गर्भाधान हो चुका है। उन्होंने बताया कि इसे लेकर सख्त मॉनिटरिंग की जा रही है, जिसके चलते आगामी समय में जिले में 65000 पशुओं को गर्भाधान किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। खुरपका व मुंहपका गाय, भैंस आदि खुर वाले पशुओं में होने वाला संक्रामक रोग है। इसमें पशुओं को तेज बुखार, मुंह, जीभ और खुरों के बीच छाले व घाव होना, लार टपकना और लंगड़ाहट जैसे लक्षण दिखते हैं। इस बीमारी के कारण पशु के दुग्ध उत्पादन में कमी हो जाती है। कई बार पशुओं के लिए ये जानलेवा भी हो सकती है।


