किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के आमरण अनशन के समर्थन व मरजीवडे़ जत्थे पर हुए अत्याचार के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर ग्रामीण किसान मजदूर समिति ब्लॉक पीलीबंगा ने गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया। धरने पर बैठे किसान प्रतिनिधियों ने एमएसपी की खरीद का गारंटी कानून बनाने, किसानों और मजदूरों की पूर्ण कर्ज मुक्ति करने, भूमि अधिग्रहण अधिनियम 2013 लागू करने, लखीमपुर खीरी में हुए अत्याचार का न्याय करने, डब्ल्यूटीओ समझौते से बाहर आने आदि की मांग दोहराते हुए नारेबाजी की। जीकेएमएस प्रतिनिधियों ने बताया कि पिछले करीब एक साल से किसानों का शंभू व खनौरी बॉर्डरों पर संघर्ष चल रहा है। इन बॉर्डरों पर हर राज्य का किसान डटा है, लेकिन सरकार किसानों की मांगों की अनदेखी कर रही है। संघर्ष को और तीखा करने के लिए पिछले एक माह से किसान जगजीत सिंह डल्लेवाल अनशन कर रहे हैं। किसानों अपनी जान कुर्बान कर सकता है, लेकिन एमएसपी लिए बगैर उठने वाला नहीं। भविष्य में अगर डल्लेवाल इस संघर्ष के दौरान शहीद भी होते हैं तो अन्य किसान नेता भी अनशन पर बैठने को तैयार हैं। यह कड़ी तब टूटेगी जब सरकार झुकेगी और एमएसपी की खरीद का गारंटी कानून नहीं बन जाता।


