एमपीटी नागाणा से रोज एक लाख बैरल से ज्यादा क्रूड निकल रहा है, लेकिन 4 दिन से ऐश्वर्या वैलपेड के नजदीक जमीन से लीकेज हो रहे क्रूड ने इंजीनियर्स को भी हैरानी में डाल दिया।
3 दिन तक लगातार केयर्न की टीम क्रूड लीकेज में जुटी है, लेकिन अब तक लीकेज नहीं मिला है। ऐसे में 3 दिन में 25 से ज्यादा टैंकर क्रूड तेल गड्ढ़े से भर चुके हैं। गुरुवार रात को शट डाउन लिया गया है, जिसके बाद अब लीकेज रुक गया है, लेकिन फॉल्ट कहां पर है इसका अब तक सुराग नहीं लगा है। जहां क्रूड लीकेज हो रहा है, उस पाइपलाइन से रोज 15-20 हजार बैरल क्रूड एमपीटी नागाणा तक पहुंच रहा है शटडाउन लिए जाने से रोज 15-20 हजार बैरल केयर्न-वेदांता समूह को क्रूड उत्पादन का नुकसान भी हो रहा है। 23 फरवरी को सुबह 10 बजे ऐश्वर्या वेलपेड के पास एक किसान के खेत में अचानक क्रूड निकलने लग गया। करीब एक बीघा खेत में क्रूड फैल गया। जमीन से निकले क्रूड की वजह से केयर्न-वेदांता समूह की इंजीनियरिंग टीमें लीकेज की तलाश में जुटी, लेकिन लीकेज नहीं मिला। 4 दिन की मशक्कत के बाद अब गुरुवार रात 10 बजे से पाइपलाइन का शटडाउन लिया। इससे केयर्न को 23.85 लाख लीटर क्रूड का नुकसान हो रहा है। सवाल ये है कि अब किस वैलपेड से जुड़ी लाइन में लीकेज है और यह कब तक ठीक होगा। इसका भी अब तक पता नहीं लग पाया है। इस घटनाक्रम के बाद किसानों में भी डर है। भास्कर पड़ताल – 5 किमी. गहराई में हिली थी जमीन 24 फरवरी की रात 11.25 बजे 3.2 तीव्रता का भूंकप आया था। इस भूकंप का केंद्र बिंदु एमपीटी नागाणा के पीछे चौखला था। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र की वेबसाइट पर सरकार ने स्पष्ट किया कि एमपीटी नागाणा के चौखला में भूकंप का केंद्र बिंदु था और 24 फरवरी की रात 11.25 बजे जमीन में 5 किमी. की गहराई पर भूकंप आया था जिसकी तीव्रता 3.3 थी। इधर, केयर्न-वेदांता ने दावा किया है कि उस रात जो धमाका हुआ, वो भूकंप था। केयर्न क्रूड उत्पादन क्षेत्र में ड्रिलिंग की गहराई 1500-2000 मीटर है, जबकि भूकंप 5000 मीटर गहराई पर आया था। हालांकि भू-गर्म वैज्ञानिकों का दावा है कि ये क्रूड तेल निकासी और केयर्न के अन्वेषण की वजह से भी भूकंपीय गतिविधि हो सकती है। इसी धमाके की वजह से लोगों के घरों में दरारें आ गई थी। कई पानी के टांके फट गए। तेज धमाका करीब 4-5 किमी. दूर तक सुनाई दिया था और 3 सेकंड के लिए जमीन हिली थी। किसानों ने जमीन के अंदर की जा रही ड्रिलिंग को लेकर ब्लास्ट का आरोप लगाते हुए लोगों के घरों को हुए नुुकसान की भरपाई के लिए मुआवजे की मांग की है।


