एमपीयूएटी के दीक्षांत समारोह में छात्र-छात्राओं को प्रदान की उपाधियां:राज्यपाल बोले ‘ शिक्षा से पंख मजबूत हुए, अब आकाश में ऊंची उड़ान भरो सारा आसमां तुम्हारा है ‘

राज्यपाल हरिभाऊ किशन राव बागडे ने कहा कहा कि बच्चों तुमने शिक्षा ली है, तुम्हारे पंख अब मजबूत हुए हैं, आकाश में ऊंची उड़ान भरो, सारा आसमान तुम्हारा है। वे शनिवार को सुविवि के विवेकानंद सभागार में महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के 18वें दीक्षांत समारोह में बतौर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति अध्यक्षीय संबोधन दे रहे थे। राज्यपाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति को मिटाने के कई प्रयास हुए , कई आक्रमण भी हुए लेकिन यहां महाराणा प्रताप एवं शिवाजी महाराज जैसे शूरवीरों ने संस्कृति को बचाए रखा है। गुरुकुल परंपरा हमारे देश की अनूठी परंपरा रही है। ऋग्वेद और यजुर्वेद में गुरुत्वाकर्षण के बारे में उल्लेख मिलता है। हमारे देश के महान ऋषियों ने इन सभी वैज्ञानिक खोजों के बारे में कई वर्ष पूर्व ही पता लगा लिया था। राज्यपाल ने कहा कि कर्म को कभी रोकना नहीं चाहिए, सतत कर्म करते रहना चाहिए तथा विद्या का दान करते रहना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे बेहतर छात्रों का निर्माण करें, केवल डिग्री से कोई लाभ नहीं होगा, बच्चों की बौद्धिक क्षमता बढ़नी चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि कृषि की महत्ता किसी से छिपी नहीं है, अनाज नहीं उगेगा तो हम क्या खाएंगे? आज अनाज ग्रहण कर ही हम जी सकते हैं। हमारा देश कृषि और ऋषि प्रधान देश है। 1980 तक हमारे देश में अधिकांश अनाज आयात होता था। आज हमारे देश में अनाज की कोई कमी नहीं है। यह उपलब्धि देश के अन्नदाताओं की देन है। इससे पूर्व राज्यपाल के सभागार पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कुलपति डॉ अजीत कुमार कर्नाटक ने राज्यपाल का स्वागत किया। विश्वविद्यालय के समस्त टीचिंग स्टाफ उन्हें प्रोटोकॉल अनुसार सभागार परिसर में ले गए जहां उन्होंने विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के 42 छात्र- छात्राओं को स्वर्ण पदक समेत 1181 छात्र-छात्राओं को विभिन्न उपाधियां सौंपी। इस अवसर पर असम कृषि विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ अमरनाथ मुखोपाध्याय ने भी अपना संबोधन दिया। एमपीयूएटी के कुलपति डॉ अजीत कुमार कर्नाटक ने स्वागत उद्बोधन देते हुए विश्वविद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। दीक्षांत समारोह में विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, उदयपुर लोकसभा क्षेत्र सांसद डॉ मन्नालाल रावत, बेंगू विधायक सुरेश धाकड़, एमपीयूएटी के प्रबंध मण्डल सदस्य, अकादमिक परिषद के सदस्यगण, टीचिंग एवं नॉन टीचिंग स्टाफ समेत विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं उनके परिजन मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *