‘एमपी में ईडी और वीडी की ही चल रही’:इंदौर में कांग्रेस प्रवक्ता केके मिश्रा ने लगाए आरोप, कहा-बढ़ते जा रहे हैं अत्याचार

महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार सहित कई मुद्दों को लेकर 16 दिसंबर को भोपाल में कांग्रेस विधानसभा घेराव करने जा रही है। इंदौर में शनिवार को कांग्रेस प्रवक्ता केके मिश्रा व अन्य पदाधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कहा- दलितों पर अत्याचार बढ़ते जा रहे हैं, महिलाओं से दुष्कर्म के केस हो रहे हैं, किसान आत्महत्या कर रहे हैं। केके मिश्रा ने आष्टा में कारोबारी मनोज परमार के यहां ईडी छापे और इसके बाद उनके पत्नी सहित की गई आत्महत्या और सामने आए सुसाइड नोट को लेकर सरकार को घेरा। मिश्रा ने कहा कि अभी मप्र में ईडी और वीडी (बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा) की ही चल रही है। उनके रहते ही विजयपुर उपचुनाव में अराजकता हुई। साफ तौर पर धमकाया जा रहा है कि बीजेपी जॉइन करो नहीं तो ईडी जैसी एजेंसी से कार्रवाई के लिए तैयार रहो। मिश्रा ने कहा कि भोपाल में सरकार की नाक के नीचे ड्रग फैक्ट्री चल रही थी। गुजरात की एसटीफ ने आकर कार्रवाई की। मुख्य आरोप हरीश आंजना की डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के साथ नजदीकी संबंध जगजाहिर हुए। बावजूद इसके सीएम डॉ. मोहन यादव उन्हें साथ लेकर चल रहे हैं और इस्तीफा नहीं मांगा जा रहा है। यह पूरी तरह से तस्कर और भू-माफियाओं की सरकार है। सरकार बता दे कि उनका कौन सा विभाग ईमानदार है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में शहराध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्डा, कार्यवाहक अध्यक्ष देवेंद्र यादव व अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *