एमबीबीएस में एडमिशन के नाम पर 12.41 लाख रुपए ठगी का मामला लालपुर थाने में दर्ज कराया गया है। राधानगर पंडरा के रहने वाले अमोद कुमार पांडेय ने संजय कुमार सिंह के विरुद्ध लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में आरोप है कि लालपुर में उनकी मुलाकात संजय कुमार सिंह से हुई। संजय सिंह ने बताया कि वे सरकारी और गैर सरकारी मेडिकल कॉलेज में सीधे एमबीबीएस में एडमिशन कराते हैं। अमोद कुमार उनकी बातों में आ गए। उन्होंने बेटी का एमबीबीएस में एडमिशन कराने के लिए उनसे बात की। संजय सिंह ने कहा कि वे रायपुर कॉलेज अॉफ मेडिकल साइंस इंस्टीट्यूट में एडमिशन करा देंगे। इसके लिए 20 लाख रुपए लगेंगे। अमोद पांडेय तैयार हो गए। संजय सिंह ने एडवांस के तौर पर 12.41 लाख रुपए मांगे। अमोद पांडेय ने 8.41 लाख रुपए उनके बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। कुछ दिन बाद संजय सिंह ने कहा कि 4 लाख नगद देने होंगे। अमोद पांडेय ने उन्हें 4 लाख नगद भी दे दिए। इसके बाद भी बेटी का एडमिशन नहीं हुआ। जब अमोद कुमार ने पता करना शुरू किया तो जानकारी मिली कि संजय सिंह ने राकेश श्रीवास्तव नामक व्यक्ति से भी 5 लाख रुपए की ठगी की है। पैसे लेने गए तो ऑफिस व मोबाइल मिला बंद: प्राथमिकी में बताया है कि जब पैसे लौटाने का दबाव बनाया तो संजय सिंह ने अमोद कुमार को 15 अक्टूबर को पैसा देने के लिए अपने लालपुर स्थित ऑफिस में बुलाया। जब वे उसके बताए पते पर पहुंचे तो पता चला कि 30 सितंबर से संजय सिंह का ऑफिस बंद है। मोबाइल भी स्विच अॉफ आने लगा। ऑफिस के पास कई लोगों ने बताया कि संजय सिंह ने कई लोगों को ठगी का शिकार बनाया है।


