दौसा में शिक्षित बेरोजगार युवाओं को एयरफोर्स-सिक्योरिटी समेत 30 से ज्यादा प्राइवेट कंपनियों में जॉब का मौका मिलेगा। इसके लिए 5 मार्च को जिला मुख्यालय पर पं. नवल किशोर शर्मा गवर्नमेंट पीजी कॉलेज में जिला स्तरीय युवा संबल मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में हेल्थ, आईटी, ऑटोमोबाइल, बैंकिंग, एयरफोर्स और सिक्योरिटी जैसे क्षेत्रों की प्राइवेट कंपनियां युवाओं का चयन करेंगी। ऑनलाइन करें रजिस्ट्रेशन जिला रोजगार अधिकारी श्याम लाल शर्मा ने बताया कि मेले में ज्यादा से ज्यादा प्लेसमेंट सुनिश्चित करने के लिए कंपनियों को EEMS 2.0 पोर्टल पर रजिस्टर्ड किया जा रहा है। रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक बेरोजगार आशार्थी सिर्फ एक क्लिक पर क्यूआर कोड से रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि मेले का उद्देश्य शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। यह मेला युवाओं के लिए सीधे कंपनी प्रतिनिधियों से मिलने, इंटरव्यू देने और मौके पर ही नौकरी पाने का सुनहरा अवसर साबित होगा। जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।


