ग्वालियर के ट्रैफिक को सुगम बनाने के लिए दिल्ली की रिंग रोड की तर्ज पर बनाई जा रही एलिवेटेड रोड के लिए अब फूलबाग से गुरुद्वारा के लिए ओवरब्रिज बनाने का काम शनिवार से शुरू होने जा रहा है। जिस कारण अब फूलबाग से होटल क्लार्क्स इन होकर गुरुद्वारा जाने वाला रास्ता अगले एक माह के लिए यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। मुरार, थाटीपुर, हजीरा, किलागेट, पड़ाव व सिटी सेंटर से गुरुद्वारा, नदीगेट, इंदरगंज जाने वाले वाहन अब इस रास्ते से नहीं जा सकेंगे। शहर के इन इलाकों से आने वाले पब्लिक व्हीकल व प्राइवेट व्हीकल अब बदले हुए रूट से नदीगेट, इंदरगंज व लश्कर के लिए पहुंचेंगे। फूलबाग से गुरुद्वारा मार्ग पर हर दिन गुजरते हैं हजारों वाहन
फूलबाग से होटल क्लार्क्स इन के सामने रास्ते से होते हुए गुरुद्वारा मार्ग पर हर दिन हजारों वाहन गुजरते हैं। फूलबाग शहर का सेंटर पॉइंट है। यहां शहर के मुरार, लश्कर, ग्वालियर तीनों सर्कल का ट्रैफिक का मिलन होता है। इस मार्ग पर हर घंटे 7 से 8 हजार वाहन गुजरते हैं। ऐसे में यहां ओवरब्रिज के निर्माण के चलते एक महीने तक यह ट्रैफिक का दबाव अन्य रास्तों पर आ जाएगा। एक महीने तक बंद रहेगा फूलबाग-गुरुद्वारा मार्ग
यातायात पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एलिवेटेट रोड के लिए अब फूलबाग से गुरुद्वारा के बीच ओवरब्रिज के कंस्ट्रक्शन का काम चलेगा। इस कारण यह मार्ग बंद रहेगा। ओवरब्रिज के निर्माण का कार्य करने वाली कंपनी ने अभी एक महीने के लिए डायवर्सन मांगा, लेकिन जानकारों की माने तो दो से तीन महीने यहां काम चलने के दौरान यातातया प्रभावित रह सकता है। अब इन रूट पर चलेगा ट्रैफिक


