भास्कर न्यूज | गंडई पंडरिया भारत निर्वाचन आयोग द्वारा कराए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में नाम काटने और जोड़ने को लेकर लापरवाही सामने आ रही है। नगर पंचायत अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुसरो को वार्ड पार्षदों एवं वार्ड वासियों के द्वारा नाम काटने एवं विलोपन संबंधी अन्य आपत्ति होने की जानकारी मिली। इसके बाद वे ब्लॉक अध्यक्ष मन्नू चंदेल, पार्षद दिलीप ओगरे, मोहसिन खान, असरफ सिद्धिकी, क्रांति ताम्रकार के साथ पीएमश्री विद्यालय में स्थित बीएलओ के पास पहुंचे। जहां प्रभावित मतदाताओं के द्वारा अध्यक्ष को अपनी समस्या बताई गई। ऐसे हितग्राही जो लगभग 30 से 40 सालों से जिनके परिवार यहां काबिज हैं जो लोकसभा, विधानसभा में कई सालों से मतदाताओं के रूप में चिन्हित हैं। ऐसे परिवारों का नाम विलोपन के लिए दिया गया है। इस संबंध में अध्यक्ष खुसरो ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बीएलओ से सवाल-जवाब किया। उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति का नाम काटा जा रहा है तो संबंधित का मृत्यु प्रमाण पत्र कहां है। फार्म साथ में जानकारी भरकर देने वाले इसमें दोषी हैं, उसे स्वयं जानकारी नहीं है। साथ ही जिसके सभी दस्तावेज जमा किया जा चुका है उसका नाम से आपत्ति क्यों हो रही है। इस पर बीएलओ के द्वारा संतोषजनक जवाब न मिलने से अध्यक्ष खुसरो ने एसडीएम अविनाश ठाकुर से चर्चा की। एसडीएम अविनाश ठाकुर नगर पंचायत सभागार में हितग्राहियों और जनप्रतिनिधियों से रूबरू हुए। आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि नाम अधिक से अधिक संख्या में जोड़ना है न कि नाम सूची से काटना है। जीवित को मृत बताकर लगाया आपत्ति आवेदन: बता दें कि नोटिस जारी होने के बाद नगर में हड़कंप मचा हुआ है। जो वर्तमान में गंडई में निवास करते हैं। जीवित हैं और समय-समय पर मतदान करने गंडई आते हैं उनके नामों को विलोपित करने के लिए गलत आवेदन दे दिया गया है। मामले की जानकारी होने के बाद वार्ड 7 निवासी मोहम्मद अली ने गंडई थाने में शनिवार को लिखित आवेदन दिया। एसआईआर में एसडीएम के समक्ष फॉर्म 7 भरकर मृत्यु घोषित करके भ्रामक जानकारी देने वालों के खिलाफ खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने सब इंस्पेक्टर आरके टंडन को एफआईआर के लिए आवेदन दिया है। सैकड़ों मतदाताओं को एसडीएम कार्यालय से जारी हुआ नोटिस: बता दे की एसआईआर शिविर के बाद दस्तावेजों का निरीक्षण किया गया और जिन मतदाताओं के दस्तावेजों में त्रुटियां पाई गईं। साथ ही जो मतदाता लगातार क्षेत्र में अधिक समय से गंडई में निवास नहीं कर रहे हैं, जो मृत हो चुके हैं, जो अन्यत्र अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा चुके हैं, ऐसे मतदाताओं को अनुविभागीय कार्यालय से नोटिस जारी किया गया था।


