एसआईआर के बाद 16277 नए मतदाता सूची में जुड़े, 24 हजार से ज्यादा हटाए गए

भास्कर न्यूज | बलौदाबाजार जिले में मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद शनिवार को जिला प्रशासन द्वारा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। व्यापक सर्वेक्षण, सत्यापन और दावा-आपत्ति प्रक्रिया के बाद जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों की अद्यतन मतदाता सूची जारी की गई है। एसआईआर के तहत जिले में 16 हजार 277 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। इनमें पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाता शामिल हैं, साथ ही अन्य जिलों अथवा विधानसभा क्षेत्रों से स्थानांतरित होकर यहां नाम दर्ज कराने वाले मतदाता भी सम्मिलित हैं। वहीं 24 हजार 603 मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी। इन मतदाताओं से वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज माता-पिता के नाम अथवा अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया था, लेकिन निर्धारित समयावधि में दस्तावेज जमा नहीं करने के कारण इन्हें अनमैप्ड श्रेणी में रखा गया और इनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए। इसके अतिरिक्त मृत घोषित मतदाता, अन्य जिलों में स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके मतदाता तथा गणना पत्रक जमा नहीं करने वाले मतदाताओं के नाम भी सूची से विलोपित किए गए हैं। इन सभी परिवर्तनों के बाद जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 8 लाख 37 हजार 720 हो गई है।

25 हजार दावा-आपत्तियों का निराकरण: जिले में एसआईआर सर्वे की शुरुआत 4 नवंबर से हुई थी। 18 दिसंबर तक मतदाताओं को गणना पत्रक वितरित किए गए और उनकी वापसी सुनिश्चित की गई। प्राप्त रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण किया गया। 23 दिसंबर को प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया, जिसके पश्चात दावा और आपत्तियां आमंत्रित की गईं। इस दौरान लगभग 25 हजार दावा-आपत्तियां प्राप्त हुईं। संबंधित आवेदनों की सुनवाई और दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया 14 फरवरी तक पूरी कर ली गई। सभी दावों के परीक्षण के उपरांत अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। एसआईआर प्रक्रिया शुरू होने के समय जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 8 लाख 21 हजार 443 थी। वहीं लोकसभा चुनाव 2024 के लिए जारी मतदाता सूची में यह संख्या 9 लाख 7 हजार 859 दर्ज थी। यदि अंतिम प्रकाशन में जोड़े गए 16 हजार 277 नए मतदाताओं को घटाकर तुलना की जाए तो लोकसभा चुनाव की सूची के मुकाबले 53 हजार 862 मतदाताओं के नाम वर्तमान सूची से बाहर हो गए हैं। अंतिम प्रकाशन के अनुसार जिले में पुरुष मतदाताओं की संख्या 4 लाख 24 हजार 279 है, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 4 लाख 13 हजार 478 है। इस प्रकार जिले में महिला और पुरुष मतदाताओं की संख्या लगभग समान बनी हुई है, जो लैंगिक संतुलन की दृष्टि से सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। पूरे जिले में एसआईआर प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए 1 हजार 82 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) नियुक्त किए गए थे। इन अधिकारियों ने घर-घर जाकर गणना पत्रक वितरण, सत्यापन और डेटा संकलन का कार्य किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *