भास्कर न्यूज|गढ़वा देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और लोगों को जागरूक करने के लिए भारत सरकार के गृह मंत्रालय सिविल डिफेंस की ओर से एसआईएस लिमिटेड के साथ एमओयू किया है। जिसके तहत भारत सरकार के सिविल डिफेंस के विभाग के निर्देश पर ट्रेनिंग दी जा रही है। देश के 244 जिलों में तैनात एसआईएस के ऑफिसर्स और सुपरवाइजर, प्रशिक्षकों और जवानों को सिविल डिफेंस की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसकी शुरुआत झारखंड के बेलचंपा स्थित एसआईएस के प्रशिक्षण केंद्र में पहले बैच का प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया है। जिसमें सिविल डिफेंस के डिप्टी कमांडेंट संतोष यादव, इंस्पेक्टर सूरज कुमार, सब इंस्पेक्टर विकास कार्तिक व उनके सहयोगी प्रशिक्षक और एसडीपीओ नीरज कुमार, ट्रेनिंग डिविजन के वाइस प्रेसिडेंट अमिया शंकर, एसआईएस मार्केटिंग टीम से आस्था माथुर और ग्रुप कमांडेंट रमेश जायसवाल आदि शामिल थे। ट्रेनिंग की शुरूआत परेड की सलामी देकर व दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। मौके पर ग्रुप कमांडेंट रमेश कुमार जसवाल ने कहा कि डिफेंस की ट्रेनिंग देने का मुख्य उद्देश्य देश कि आंतरिक सुरक्षा के उद्देश्य से जितने भी सुरक्षाकर्मी तैनात हैं सबसे पहले उनको ट्रेंड करना, उसके बाद आम नागरिक को जागरूक करके उनको प्रशिक्षित करना है। ताकि आपातकालीन स्थिति में कम से कम नुकसान हो और लोगों की जान बचाई जा सके। इस दौरान एयर स्ट्राइक, बम अटैक, केमिकल फायर फाइटिंग, फर्स्ट एड हाई राइजिंग बिल्डिंग रेस्क्यू आदि विषयों की ट्रेनिंग देकर सभी तीन लाख कर्मचारी और अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।


